एच पी एल-8 मास्टर ब्लास्टर्स का महा-धमाका,एफसीसी इलेवंथ-एनआईटी को 91 रनों से रौंदा
HPL-8 Master Blasters trample FCC Elevanth-NIT by 91 runs

नई दिल्ली/फरीदाबाद,21 जून।
सुनील कुमार जांगड़ा,
कप्तान आदित्य शर्मा की अगुवाई में ‘मास्टर ब्लास्टर्स’ ने एच पी एल-8 क्रिकेट टूर्नामेंट के एक महत्वपूर्ण लीग मैच में खेल के हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एफ सी सी इलेवंथ-एन आई टी को 91 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस एकतरफा मुकाबले में मास्टर ब्लास्टर्स के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मैदान पर अपना लोहा मनवाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मास्टर ब्लास्टर्स की शुरुआत बेहद मजबूत रही। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 244 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से स्टार बल्लेबाज अजय पांडे ने तेजतर्रार 52 रन बनाकर शानदार अर्धशतक जड़ा। इसके अलावा रोहित ने 46 रन, अमित वर्मा ने 38 रन और मंगल बिधुड़ी ने 34 रनों का अहम योगदान दिया। पारी के अंतिम क्षणों में खुद कप्तान आदित्य ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 18 रन जोड़े। एफ सी सी इलेवंथ-एन आई टी की ओर से गेंदबाज हरश वाधवा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए।
245 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी एफ सी सी इलेवंथ-एन आई टी की टीम मास्टर ब्लास्टर्स के धारदार गेंदबाजी आक्रमण के सामने बिखर गई और 20 ओवरों में 9 विकेट पर 153 रन ही बना सकी। एफ सी सी की तरफ से मनीष गुप्ता ने सर्वाधिक 29 (नाबाद) रन बनाए, जबकि रोहित झाम्ब ने 23 और हरश वाधवा ने 22 रन जोड़े।
मास्टर ब्लास्टर्स की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए प्रिंस ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। वहीं हेमंत ने 2 विकेट हासिल कर अपनी टीम की 91 रनों से ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की। टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक और विजेता टीम के कप्तान आदित्य शर्मा ने मैच के बाद दोनों टीमों के खेल की सराहना की और अपनी टीम को इस धमाकेदार जीत की बधाई दी।
