आने वाला समय भाजपा का, पीएम मोदी के नेतृत्व में पंजाब बनेगा देश का अग्रणी राज्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

In the coming time of BJP, Punjab will become the leading state of the country under the leadership of PM Modi: Chief Minister Naib Singh Saini

हरियाणा मॉडल से पंजाब को मिलेगा विकास का नया रास्ता, भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है

आम आदमी पार्टी की सरकार करे श्वेत पत्र जारी

चंडीगढ़, 6 फरवरी— हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पंजाब देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी और केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं ज़मीन पर प्रभावी रूप से लागू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंजाब के गांव पंजौला में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजक सतपाल पुनिया द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ एवं सिरोपा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

हरियाणा बना किसान-हितैषी राज्य, 24 फसलों पर MSP और 48 घंटे में भुगतान

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। किसानों की फसल मंडी में पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके खातों में किया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर मुआवजा भी सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किया जाता है, जिससे किसान आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कर रहा है।

भाजपा ने संकल्प पत्र के वायदों को जमीन पर उतारा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने जो वायदे किए, उन्हें केवल कागज़ों तक सीमित नहीं रखा। संकल्प पत्र के 217 वायदों में से पहले चरण में 60 वायदे पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष संकल्पों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का खून का रिश्ता है, संस्कृति और संस्कार एक जैसे हैं, इसलिए विकास का मॉडल भी सांझा होना चाहिए।

लाडो लक्ष्मी योजना से हरियाणा की महिलाएं हुई सशक्त, पंजाब में आप के वायदे अधूरे

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, जिसके लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं पंजाब में महिलाओं को 1100 रुपये देने की घोषणा आज तक पूरी नहीं हो पाई है। यह भाजपा और अन्य दलों के काम करने के तरीके का बड़ा अंतर दर्शाता है।

आवास, प्लॉट और मालिकाना हक— हरियाणा सरकार के ठोस फैसले

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 1.50 लाख लोगों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा 27 हजार पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट और 14 शहरों में पहले चरण में 15 हजार लोगों को 30-30 गज के प्लॉट दिए गए हैं। पंचायती भूमि पर 20 वर्षों से कब्जाधारी लोगों को मालिकाना हक भी दिया गया है।

स्वास्थ्य सुरक्षा में हरियाणा अग्रणी, आयुष्मान-चिरायु योजना से मिला 25 लाख लोगों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आयुष्मान एवं चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का सालाना मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। अब तक करीब 25 लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और इस पर 4000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है। इसके विपरीत पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक केवल दिखावा साबित हुए हैं, जहां न तो पर्याप्त इलाज है और न ही दवाइयां उपलब्ध हैं।

आम आदमी पार्टी की सरकार करे श्वेत पत्र जारी

आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को चुनाव से पहले किए गए वायदों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और ईमानदारी की बात करने वाले खुद जेल तक गए हैं।

हरियाणा में बुजुर्गों को सम्मान, युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में बुजुर्गों को 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जिससे 34.50 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। यह राशि हर माह की 1 से 10 तारीख के बीच सीधे खातों में ट्रांसफर की जाती है। इसके अलावा हैप्पी कार्ड योजना के तहत एक लाख से कम आय वाले परिवारों को 1000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची और पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं। पिछले 11 वर्षों में 2 लाख युवाओं को रोजगार मिला है, जबकि केवल पिछले एक वर्ष में ही 34 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

पीएम मोदी का पंजाब को विशेष सम्मान, औद्योगिक हब बनेगा राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखकर करोड़ों अनुयायियों को सम्मान दिया है। उन्होंने जालंधर, लुधियाना और अमृतसर को औद्योगिक हब बनाने की भी घोषणा की है, जिसे भाजपा सरकार बनते ही मजबूती से लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प में मिलकर सहयोग करें ताकि पंजाब में भी विकास को गति मिले और अग्रणी राज्य बन पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन भावनाएं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त ​कर रही हैं।

इस अवसर पर पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर, विधायक अश्विनी शर्मा, जिला प्रधान सरदार जसपाल सिंह गंगौली, पंजौला के सरपंच सरदार जरनैल सिंह, कार्यक्रम आयोजक सतपाल पुनिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

You might also like