शाह ने पुलिस बलों तथा राज्य पुलिस से मणिपुर में शांति व्यवस्था बनाये रखने को कहा

Shah asked the police forces and state police to maintain peace in Manipur

 

नई दिल्ली,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में हिंसा की बढ़ती घटनाओं के बीच सोमवार को यहां लगातार दूसरे दिन वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यस्था की स्थिति की समीक्षा की और सुरक्षा बलों तथा राज्य एजेन्सियों से राज्य में शांति व्यवस्था कायम करने के कदम उठाने को कहा। केंद्र में सुरक्षा तंत्र से जुड़े सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री ने रविवार के बाद सोमवार को भी यहां लंबी बैठक में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने केन्द्रीय पुलिस बलों तथा राज्य पुलिस से राज्य में शांति व्यवस्था कायम करने और शांति बहाली के कदम उठाने को कहा। इस बीच केन्द्र सरकार मणिपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए केन्द्रीय पुलिस बलों की तैनाती भी बढा रही है और वहां केन्द्रीय पुलिस बलों की 50 अतिरिक्त कंपनियां भेजी जा रही हैं। इससे पहले भी केन्द्र ने वहां 20 कंपनियां तैनात की थी।

मणिपुर में हिंसा की ताजा घटनाओं के कारण बढते तनाव के मद्देनजर श्री शाह ने रविवार को महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के कार्यक्रम को अधूरा छोड़कर नॉर्थ ब्लॉक में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ आपात बैठक में मणिपुर की स्थिति की समीक्षा की थी। उल्लेखनीय है कि मणिपुर में हिंसा की ताजा घटनाओं के बाद कई जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है और कुछ अन्य क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं भी बंद हैं। हिंसा की घटनाओं के बाद उग्र भीड़ ने कुछ विधायक को और मंत्रियों के घरों पर तोड़फोड़ तथा आगजनी भी की है जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

You might also like