पुलिस अधीक्षक चमोली ने ली मासिक अपराध गोष्ठी आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Superintendent of Police Chamoli held a monthly crime seminarNecessary guidelines given in view of the upcoming festive season

कुलदीप कुमार चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों,स्थानीय अभिसूचना इकाई, फायर सर्विस, दूरसंचार एवं अन्य शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस कर्मचारी सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान मासिक अपराधों की समीक्षा करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गोष्ठी के प्रारंभ में एसपी चमोली ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित विधानसभा सत्र को सकुशल संपन्न कराने पर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार आपसी समन्वय, टीम भावना एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को जिला मुख्यालय एवं समस्त थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण कर उन्हें सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित फुट पेट्रोलिंग करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। साथ ही थाना स्तर पर सीएलजी सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों के विरुद्ध बिना किसी रियायत के वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। दीपावली पर्व के दृष्टिगत प्रभारी फायर सर्विस गोपेश्वर, ज्योतिर्मठ एवं गैरसैंण को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पटाखों की दुकानों को भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं संकरे स्थानों के बजाय खुले मैदान में एक ही निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित रूप से लगवाने हेतु संबंधित विभागों से समन्वय करने को कहा गया। साथ ही पटाखा बाजारों में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण एवं आवश्यकतानुसार फायर टेंडर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। आगामी गौचर मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा मेले में आने वाले बाहरी दुकानदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए 60/90 दिवस से अधिक समय से लंबित मामलों एवं पार्ट-पेंडिंग विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। विवेचकों से वार वाद विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही सभी कोतवालियों एवं थानों में लंबित मालों का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।भराडीसैण (गैरसैंण) में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा परेड के सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने से पूर्व मंदिर सुरक्षा एवं अन्य तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित विधानसभा सत्र को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर प्रतिसार निरीक्षक चमोली जितेन्द्र जोशी, यातायात निरीक्षक चमोली दिगम्बर सिंह उनियाल एवं प्रभारी निरीक्षक गैरसैंण मनोज सिरोला को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया।
इसके अतिरिक्त विगत माह में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे, जिला शासकीय अधिवक्ता प्रकाश भंडारी सहित समस्त थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
