डॉ. मंगला की कविताओं में करुणा, आक्रोश और चिंतन का अद्भुत संगम : राजीव जेटली
Dr. A wonderful confluence of compassion, resentment and reflection in Mangala's poems: Rajiv Jaitley
हरियाणा भवन, नई दिल्ली में डॉ. राजेश कुमार मंगला ‘पार्थ’ के काव्य संग्रह ‘दर्द सुधा’ का विमोचन

नई दिल्ली, 18 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली ने कहा कि प्रख्यात शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. राजेश कुमार मंगला ‘पार्थ’ का नया काव्य संग्रह ‘दर्द सुधा’ करुणा, आक्रोश और चिंतन का अद्भुत संगम है। उनकी रचनाओं में युवाओं के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन के साथ-साथ सामाजिक विसंगतियों, बदलते परिवेश और मानवीय संवेदनाओं का प्रभावशाली चित्रण देखने को मिलता है।
जेटली बुधवार को हरियाणा भवन, नई दिल्ली में डॉ. राजेश कुमार मंगला ‘पार्थ’ की नई कृति ‘दर्द सुधा’ के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डॉ. मंगला हरियाणा के एक अद्भुत लेखक और शिक्षाविद् हैं। उनके लेखन में युवाओं के लिए प्रेरणा भी है और मार्गदर्शन भी, सामाजिक अव्यवस्थाओं के प्रति चिंता भी है और गहन चिंतन भी। बदलते परिवेश में सिकुड़ते रिश्तों और कमजोर पड़ती मानवीय संवेदनाओं की पीड़ा उनकी रचनाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
जेटली ने कहा कि डॉ. मंगला ने अपने काव्य संग्रह में मानवीय भावनाओं की सूक्ष्म अवस्थाओं, टूटते सपनों, लाचारी और कठिन परिस्थितियों का संवेदनशील चित्रण किया है। उनकी कविताओं में सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों पर तीखा व्यंग्य भी है, जो व्यवस्था की विसंगतियों और आम आदमी की पीड़ा को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करता है।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर की प्रसिद्ध साहित्यकार एवं दिल्ली आकाशवाणी की प्रसारक सुश्री काजल सूरी ने कहा कि डॉ. राजेश कुमार मंगला की साहित्यिक उपलब्धियां उनकी रचनात्मक प्रतिभा और साहित्य के प्रति समर्पण का प्रमाण हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राजेश कुमार मंगला ‘पार्थ’ श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, दूधौला तथा श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के कुलगीतों के रचयिता भी हैं।
कार्यक्रम में सहकार भारती हरियाणा के प्रांतीय मंत्री मोहित पाठक, ‘आज तक’ एवं राज्यसभा टीवी के पूर्व पत्रकार हितेश जिंदल, मंगला ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर तुषार मंगला, पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष शर्मा, फरीदाबाद प्रकोष्ठ के पर्यावरण संयोजक एवं आईटी प्रोफेशनल ललित गौर, आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष हर्ष मित्तल, गुरुग्राम लोकसभा के प्रभारी संदीप शर्मा, हरियाणा भवन के मीडिया अधिकारी खुशीराम तथा जोली टैक के मैनेजिंग डायरेक्टर रवि गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
