आचार्यकुलम् के तीन छात्र राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए चयनीत

Three students of Acharyakulam selected for national painting competition

कुलदीप कुमार, हरिद्वार : आवासीय शिक्षण संस्थान आचार्यकुलम् में आज तीन विद्यार्थियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की ओर से चयनित होने पर अभिनन्दन किया गया। उल्लेखनीय है कि ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 2 लाख 12 हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें आचार्यकुलम् के कुणाल कुंज (कक्षा 10) ने वरिष्ठ वर्ग में और वर्षा रानी (कक्षा 7) ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों को ₹50,000 की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ज्योति यादव (कक्षा 7) ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹30,000 तथा दीक्षा यादव (कक्षा 9) ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर ₹7,500 एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।
इसी क्रम में आचार्यकुलम् के तीन विद्यार्थी (कुणाल कुंज, वर्षा रानी और ज्योति यादव) 14 दिसम्बर 2026 को राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित हुए हैं।
इस उपलब्धि पर पतंजलि योगपीठ के परमाध्यक्ष स्वामी रामदेव जी महाराज ने कहा कि आचार्यकुलम् विश्व का वह विशिष्ट शिक्षण संस्थान है जहाँ कला साधना से विद्यार्थियों का शिखरारोहण होता है। महामंत्री आचार्य बालकृष्ण जी महाराज ने आशीर्वाद उद्बोधन में कहा कि कहा कि आचार्यकुलम् के विद्यार्थियों का 11 वर्षों से निरंतर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना संस्थान की उत्कृष्टता का प्रमाण है।
आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा आदरणीया डॉ० ऋतंभरा शास्त्री ‘बहन जी’ सहित प्राचार्या श्रीमती स्वाति मुंशी जी ने विद्यार्थियों को शुभाशीष प्रदान किया। इस पावन अवसर पर उप-प्राचार्य श्री तापस कुमार बेरा जी, समन्वयिका श्रीमती दीपा जी, मुख्य छात्रावास अधीक्षक व क्रीड़ाध्यक्ष श्री अमित जी, आचार्यवृंद, कर्मचारीगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like