वोटों के लिए महिलाओं को चूना लगा राजनीतिक नटवरलाल बने राहुल गाँधी: राजीव रंजन

Rahul Gandhi has become a political Natwarlal by cheating women for votes: Rajiv Ranjan

 

नई दिल्ली, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख घटक दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी पर महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए आज कहा है कि लोकसभा चुनाव को राहुल के झूठ और कांग्रेसियों की धोखेबाजी के लिए याद रखा जाएगा।

श्री रंजन ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि जिस तरह से कांग्रेस और राहुल ने भोली-भाली महिलाओं को 8500 रुपये प्रति महिना देने का लालच देकर उनके वोट ठगे हैं, यह दिखाता है कि वह अब पूर्ण रूप से राजनीतिक नटवरलाल बन चुके हैं। उन्हें अब न तो सीना ठोक कर झूठे वादे करने में हिचकिचाहट होती है और न ही जनता को धोखा देने में। अपने फायदे के लिए यह लोग कुछ भी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ठगी में फंसी महिलाएं रोजाना कांग्रेस दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। महिलाओं का कहना है कि उन्हें चुनाव के समय कांग्रेस की ओर से गारंटी कार्ड दी गई थी और 5 जून से खाते में 8500 रुपये प्रति महीने आने का वादा किया गया था। इसी वजह से पैसे न आने पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बेंगलुरु में कई जगहों पर महिलाओं का जमावड़ा कांग्रेस दफ्तरों पर लगा जहां उन्हें इस धोखे के बारे में पता चला। कांग्रेस द्वारा झूठ बोलकर महिलाओं का वोट लूटने का यह कारनामा यह दर्शाता है कि उनके मन में जनता के लिए कोई मान-सम्मान नहीं बचा है।सवाल पूछते हुए जदयू प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि आखिर वादा करके महिलाओं को पैसा क्यों नहीं दे रहे। वह बताएं कि इस तरह की शर्मनाक धोखाधड़ी को किसके इशारे पर अंजाम दिया गया। उन्हें बताना चाहिए कि अपने ही देशवासियों से ऐसी चालबाजी करने वालों पर जनता को क्यों विश्वास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वास्तव में घोटाला, भ्रष्टाचार और धोखेबाजी कांग्रेस की नस-नस में बसा है। जनता को झांसा देकर ही इन्होंने इतने वर्षों तक राज किया और अब वादा घोटाला करके यह सत्ता में आना चाह रहे हैं।

You might also like