कुरुक्षेत्र में संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज की 756वीं जयंती पर 32वां वार्षिक महोत्सव 15 नवंबर को होगा आयोजित
The 32nd annual festival will be held on November 15 on the 756th birth anniversary of Saint Shiromani Namdev Ji Maharaj in Kurukshetra.

रीता वालिया ब्यूरो चीफ कुरुक्षेत्र
संत शिरोमणि नामदेव छिम्बा समाज सभा (रजि.), कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में संत नामदेव मंदिर में 32वां वार्षिक महोत्सव रविवार, 15 नवम्बर 2026 को पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य धार्मिक आयोजन भक्ति-लहर के अग्रदूत, बिठ्ठल भक्त संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज की 756वीं जयंती तथा परम आदरणीय संत ह.भ.प. डॉ. श्री रामकृष्ण बगाड़े जी महाराज (महाराष्ट्र) के 100वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
सभा के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दिव्य उत्सव में महाराष्ट्र से पधारे बगाड़े जी महाराज के साथ-साथ समाज की गणमान्य विभूतियां, समाजसेवी और विभिन्न राज्यों से स्वजातीय संस्थाओं के प्रमुख प्रतिनिधि भाग लेंगे।
दिनभर आयोजित होंगे धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव के तहत 15 नवंबर को दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे:
प्रातः 8:00 बजे: हवन एवं पूजन
प्रातः 9:30 बजे: जलपान
प्रातः 10:00 बजे: ध्वजारोहण
प्रातः 10:30 बजे: ज्योति प्रज्वलन
प्रातः 10:35 बजे: सुशील एण्ड पार्टी (मुलाना) द्वारा संत नामदेव जी के भजनों का संकीर्तन
प्रातः 11:00 बजे: संतों के अमृतमयी प्रवचन
दोपहर 12:00 बजे: पधारे हुए अतिथिगणों का सम्मान समारोह
दोपहर 2:00 बजे से: विशाल भंडारा (प्रसाद वितरण)
वरिष्ठ विभूतियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक समागम में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अशोक कुमार तोकी (कुरुक्षेत्र) बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संत नामदेव मन्दिर, भगवानपुर (उत्तराखण्ड) के प्रधान चन्द्र पाल नामदेव करेंगे। इनके अतिरिक्त दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल और हरियाणा की नामदेव समाज सभाओं के प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहेंगे।
सभा के संरक्षक बाल कृष्ण (ठोल), चेयरमैन पृथपाल नीरज, प्रधान राम नाथ (लाडवा), महासचिव विनोद कुमार, वरिष्ठ उप-प्रधान राजिन्द्र पाल तोकी और मैनेजर अशोक चहल ने सभी श्रद्धालुओं व समाज बंधुओं से सपरिवार पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने और संत नामदेव जी व बिट्ठल भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
