गरीबों को बिजली मुफ्त देने पर जेल में डाला : केजरीवाल

Put the poor in jail for giving them free electricity: Kejriwal

 

 

चंडीगढ़/नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार पर प्रहार तेज करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें इसलिए गिरफ्तार कर जेल में डाला गया क्योंकि उन्होंने दिल्ली और पंजाब में गरीबों को मुफ्त बिजली और पानी दिया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी उन्हें दोषी दिखाना चाहती है लेकिन उनके कट्टर शत्रु भी मानते हैं कि वह भ्रष्ट नहीं हैं। केजरीवाल ने पांच अक्तूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए ‘आप प्रत्याशी हरपिंदर सिंह के समर्थन में सिरसा के रानिया विधानसभा क्षेत्र में एक रोडशो किया। केजरीवाल ने आबकारी नीति मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद आप नेता आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

रोडशो के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्हें बिना किसी कारण के जेल में साढ़े पांच महीने बिताने पड़े। उन्होंने कहा, मेरी क्या गलती थी? मेरी गलती पिछले 10 साल से दिल्ली का मुख्यमंत्री बने होने की है, मैंने गरीबों के बच्चों के लिए अच्छे सरकारी स्कूल बनवाए। पहले दिल्ली में सात-आठ घंटे बिजली कटौती होती थी लेकिन अब 24 घंटे बिजली आती है। क्या ये मेरी गलती है कि मैंने दिल्ली तथा पंजाब में बिजली मुफ्त कर दी। उन्होंने कहा, मेरी गलती है कि मैंने बुजुर्ग लोगों के लिए निशुल्क तीर्थ यात्रा शुरू की। दिल्ली और पंजाब में कई काम किए गए। कोई भ्रष्ट व्यक्ति यह नहीं कर सकता।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसकी पार्टी की सरकार वाले हर राज्य में बिजली बहुत महंगी है। उन्होंने कहा, हरियाणा में बिजली मुफ्त नहीं है, यह बहुत महंगी है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि भ्रष्ट कौन है-बिजली मुफ्त करने वाला या बिजली महंगी करने वाला। केजरीवाल ने कहा, उन्होंने मुझे जेल में क्यों डाला? मैं ईमानदार हूं। मेरी ईमानदारी पर चोट करना चाहते हैं। वे यह कहना चाहते हैं कि केजरीवाल भ्रष्ट है क्योंकि वह पांच महीने तक जेल में रहा। आप नेता ने कहा कि लेकिन जब वह जेल से बाहर आए तो कोई यह स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था कि वह भ्रष्ट हैं। मेरे कट्टर से कट्टर दुश्मन कहते हैं कि केजरीवाल कुछ भी हो लेकिन भ्रष्ट नहीं है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जेल में उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वे मेरा संकल्प तोड़ना चाहते हैं लेकिन वे यह नहीं जानते कि मैं हरियाणा से आता हूं। आप किसी का भी संकल्प तोड़ सकते हैं लेकिन हरियाणा वाले का नहीं।हम हरियाणा में स्कूल बनाएंगे और निशुल्क बिजली देंगेदिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मैं यहां वोट मांगने आया हूं। यह सत्ता मिलने के लिए नहीं है। मैं सत्ता छोड़कर आया हूं। मैंने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। आज के जमाने में कोई चपरासी का पद भी नहीं छोड़ता। किसी ने मेरा इस्तीफा नहीं मांगा था। उन्होंने कहा कि वह सत्ता के भूखे नहीं हैं। उन्होंने कहा, आपके बेटे और भाई ने देश तथा दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है। मैंने पंजाब और दिल्ली में सरकार बनाई। हमें हरियाणा की सेवा करने का एक मौका दीजिए। हम हरियाणा में स्कूल बनाएंगे और निशुल्क बिजली देंगे। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में उनके बिना सरकार नहीं बनेगी।

 

 

You might also like