अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 की गीता रन में सैकड़ों खिलाड़ी दौड़ने के लिए उत्साहित

विधायक सुभाष सुधा गीता रन को हरी झंडी देकर आज करेंगे रवाना, पुरुषों के लिए 10 किलोमीटर और महिलाओं के 5 किलोमीटर दौड़ का होगा आयोजन, विजेताओं को मिलेगे 31 हजार से लेकर 2100 रुपए तक के पुरस्कार, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की गतिविधियां भी होगी गीता रन के साथ शुरू, अब तक 700 से ज्यादा खिलाडियों ने करवाया पंजीकरण, खेल विभाग ने की तैयारियां पूरी
कुरुक्षेत्र 2 दिसंबर अतिरिक्त उपायुक्त एवं केडीबी सीईओ अखिल पिलानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 की ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता रन से गतिविधियों को आगाज होगा। इस गीता रन का आयोजन 3 दिसंबर को सुबह 6 बजे ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग से किया जाएगा। इस गीता रन को विधायक सुभाष सुधा हरी झंडी देकर रवाना करेेंगे। इस गीता रन की तैयारियां जिला खेलकूद विभाग की तरफ से पूरी कर ली गई है।
एडीसी अखिल पिलानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी युवा पीढ़ी को महोत्सव के साथ जोड़ने के लिए गीता रन का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी महोत्सव 2023 की गतिविधियों की शुरुआत इस गीता रन के साथ हो जाएगी। इस गीता रन में पुरुष वर्ग के लिए 10 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया है। यह दौड़ पुरुषोत्तमपुरा बाग से शुरू होगी और ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट, सब्जी मंडी चौक, ब्रह्मा चौक, शहीद उद्यम सिंह चौंक, जेसीआई चौक, नया बस स्टैंड, दयानंद चौक, गुरुद्वारा चौक, अर्जुन चौंक से होती हुई ब्रह्मसरोवर के उत्तर वाली दिशा में पुरुषोत्तमपुरा बाग में सम्पन्न होगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की दौड़ भी पुरुषोत्तमपुरा बाग से शुरू होगी और यह दौड़ दक्षिणी गेट, सब्जी मंडी चौक, डीएन कॉलेज, रेलवे रोड, गुरुद्वारा चौंक, देवीलाल चौंक,अर्जुन चौक से होती हुई ब्रह्मसरोवर पर उत्तरी दिशा में सम्पन्न होगी। इस दौड़ में प्रथम आने वाले खिलाड़ी को 31 हजार, द्वितीय को 21 हजार, तृतीय को 11 हजार, चौथे से 10वें स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 2100-2100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। जिला खेल कूद अधिकारी सतेन्द्र कुमार ने कहा कि गीता रन मैराथन 2023 के लिए लगभग 700 खिलाडियों ने अपना पंजीकरण करवा लिया है और बहुत से ज्यादा खिलाडी मौके पर ही पंजीकरण करवाएंगे। इस गीता रन मैराथन के लिए विभाग की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
