मारवाड़ी युवा मंच उत्तर लखीमपुर प्रगति शाखा ने किया गणगौर महोत्सव 2025 का आयोजन।
Marwari Yuva Manch North Lakhimpur Pragati Branch organized Gangaur Festival 2025.

मारवाड़ी युवा मंच उत्तर लखीमपुर प्रगति शाखा द्वारा आयोजित गणगौर महोत्सव 2025 इस वर्ष भी उल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने सांस्कृतिक गरिमा को जीवंत करते हुए नृत्य, संगीत और फैशन शो के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम का शानदार संचालन सुहानी झंवर और पूजा पटवारी ने किया, जिन्होंने अपनी ऊर्जा और आकर्षक शैली से पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। उनके शानदार संवाद और आत्मीयता ने दर्शकों को पूरे समय कार्यक्रम से जोड़े रखा।गणगौर महोत्सव में गणगौर बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने राजस्थान की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाया। पारंपरिक गणगौर गीतों पर सजीव प्रस्तुतियों ने वहां उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन नृत्यों ने न केवल उत्सव की रौनक बढ़ाई बल्कि राजस्थानी लोकसंस्कृति की छटा भी बिखेरी।
थीम आधारित प्रस्तुतियां और भव्य एंट्री कार्यक्रम के विषेश आकर्षण थे |
इस वर्ष की सबसे खास बात यह थी कि गणगौर बालिकाओं के लिए विभिन्न थीम निर्धारित की गई थी। सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी थीम के अनुसार पारंपरिक परिधानों, नृत्य शैली और प्रस्तुति से मंच पर अद्भुत छटा बिखेरी।
प्रत्येक प्रतिभागी की एंट्री बेहद खास और अनूठी रही। मंच पर आते ही उनके अंदाज, आत्मविश्वास और प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण फैशन शो रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक राजस्थानी परिधानों और आभूषणों के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का अद्भुत प्रदर्शन किया। फैशन शो में हर प्रतिभागी ने अपनी अनोखी शैली और गरिमापूर्ण चाल से दर्शकों का दिल जीत लिया। फैशन शो के निर्णायक मंडल में मुर्चना और तारा माहेश्वरी शामिल थी, जिन्होंने प्रतिभागियों के परिधान, प्रस्तुति, आत्मविश्वास और मंच उपस्थिति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। जिसमें प्रियंका लखोटिया को गणगौर क्वीन,निशा लाधड़ को सर्वश्रेष्ठ परिधान और प्रतिक्षा राठी को सर्वश्रेष्ठ वॉक के लिए पुरस्कृत किया गया। सभी विजेताओं को विशेष रूप से तैयार किए गए गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए, जो शुभ हर्बल (निकी खेमका ) द्वारा प्रायोजित थे। उसके पश्चात सभा को संबोधित करते हुए मारवाड़ी युवा मंच, उत्तर लखीमपुर प्रगति शाखा की अध्यक्षा डिंपी पारीक ने कहा कि ” गणगौर महोत्सव हमारी संस्कृति की पहचान है, और इस आयोजन के माध्यम से हम अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में सफल हो रहे हैं। इस भव्य आयोजन में सभी की भागीदारी और उत्साह सराहनीय रही।” उसके बाद आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों, प्रायोजकों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि उत्तर लखीमपुर का मारवाड़ी समाज अपनी सांस्कृतिक धरोहर को न केवल सहेज कर रख रहा है बल्कि उसे हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए भी तत्पर है।गणगौर महोत्सव 2025 की यह भव्य संध्या परंपरा, और उल्लास का अनुपम संगम बनकर हमेशा के लिए स्मरणीय बन गई। यह जानकारी डिंपी पारिक द्वारा दी गयी है |
यह भी पढ़ें
