राज्यों को परेशान करने के लिए राज्यपाल पद का दुरुपयोग : राहुल गांधी
Misuse of governor's post to harass states: Rahul Gandhi

नई दिल्ली, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निर्वाचित राज्य सरकारों की आवाज दबाने और उन्हें परेशान करने के लिए राज्यपाल पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे वक्त की है, जब राष्ट्रपति मुर्मु ने पिछले दिनों दुर्लभ स्थितियों में इस्तेमाल किए जाने वाले संविधान के अनुच्छेद 143(1) के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए सुप्रीम कोर्ट से सवाल किए हैं। राष्ट्रपति ने शीर्ष अदालत से पूछा है कि क्या राज्य विधानसभाओं में पारित विधेयकों पर राष्ट्रपति के विचार के लिए न्यायिक आदेश के जरिए समय सीमा निर्धारित की जा सकती है। राहुल गांधी ने ‘एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि भारत की ताकत इसकी विविधता में निहित है। राज्यों का संघ मतलब प्रत्येक की अपनी आवाज है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उन आवाज को दबाने और निर्वाचित राज्य सरकारों को बाधित करने के लिए राज्यपाल पद का दुरुपयोग कर रही है। इसे संघवाद पर एक खतरनाक हमला करार देते हुए विपक्ष के नेता ने कहा कि इसका विरोध किया जाना चाहिए। एक्स पर अपने पोस्ट के साथ उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का एक पोस्ट भी रिपोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।
