ड्रॉ के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 750 तीर्थ यात्रियों का चयन

750 pilgrims selected for Kailash Mansarovar Yatra through draw

 

नई दिल्ली, विदेश मंत्रालय ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कंप्यूटर ड्रॉ के जरिए 750 तीर्थ यात्रियों का चयन किया है। इस बार 5,561 लोगों ने यात्रा के लिए आनलाइन आवेदन किया था। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह की मौजूदगी में विदेश मंत्रालय ने बुधवार को ड्रॉ निकाला। कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए इस बार उत्तराखंड के रास्ते से 50-50 यात्रियों के पांच जत्थे और सिक्किम के रास्ते 50-50 यात्रियों के 10 जत्थे भेजे जाने हैं। यात्रा जून-अगस्त के बीच में संपन्न होगी। मंत्रालय द्वारा इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चुने गए यात्रियों को एसएमएस और ई-मेल के जरिये इसकी जानकारी भेजी जा रही है।इसके अलावा यात्री कैलाश मानसरोवर यात्रा की वेबसाइट (https://kmy.gov.in) पर भी देख सकते हैं। एक हेल्पलाइन नंबर 011-23088133 भी जारी किया गया है। प्रत्येक बैच में दो सरकारी कर्मी मंत्रालय ने कहा कि 5,561 यात्रियों ने आनलाइन आवेदन किया था। इसमें 4,024 पुरुष और 1,537 महिलाएं शामिल हैं। कुल 750 लोगों का चयन किया गया है, जिनमें प्रत्येक बैच में दो सरकारी कार्मिक भी हैं। यात्रियों की सुरक्षा पर ध्यान बयान में कहा गया है कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दोनों मार्ग पूरी तरह से यातायात के अनुकूल हैं। इस मौके पर सिंह ने कहा कि सरकार ने यात्रा को और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रयास किए हैं। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और कल्याण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से जिम्मेदारी, विनम्रता और सजगता की भावना के साथ तीर्थयात्रा करने का आग्रह किया। साथ ही एक-दूसरे का ख्याल रखने और पर्यावरण की पवित्रता की रक्षा करने का भी आग्रह किया।

 

 

You might also like