जनहित में नई-नई योजनाएं लागू कर रहे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी :- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

Chief Minister Shri Naib Singh Saini is implementing new schemes in public interest :- Union Minister Manohar Lal

हरियाणा सरकार ने हाल में लागू की दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना
– जनकल्याण कार्यों का प्रदेश की जनता में जा रहा अच्छा संदेश
– एमएसपी पर खरीदी जा रही सर्वाधिक फसलें
– भ्रष्टाचार के मामले में अपनाई जीरो टोलरेंस नीति
– स्मार्ट बिजली मीटर से होगी बिजली की बचत


बलराम शर्मा

रोहतक, 23 अक्टूबर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी लगातार जनहित में कार्य कर रहे हैं। रोहतक के सिंचाई विश्राम गृह में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी  जनहित में नई-नई योजनाओं को क्रियान्वित कर रहे हैं। हाल ही में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को प्रदेश में लागू किया गया है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस योजना की पात्र महिलाओं को 2100 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस योजना का और विस्तार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जिस प्रकार से जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं उससे जनता में एक अच्छा संदेश जा रहा है। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में सर्वाधिक फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। बाजरा के लिए भावांतर भरपाई योजना प्रदेश में लागू की गई है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बेहतर ढंग से कार्य करते हुए सराहनीय निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि जिन-जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार हैं, वहां पर बेहतर कार्य प्रणाली को लागू किया जाता है। हरियाणा के इतिहास में पहली बार भाजपा की हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संस्कार अन्य राजनीतिक दलों से अलग है और दूसरे राजनीतिक दल भाजपा के संस्कारों को समझ नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में भाजपा ने जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाया है।
मेट्रो रेल के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश में अब तक 1100 किलोमीटर मेट्रो रेल लाइन बन चुकी है। दुनिया में मेट्रो रेल के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है और जल्द ही दूसरा स्थान हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में मेट्रो से 24 शहर कवर है। आने वाले समय में 29 शहर कवर कर लिए जाएंगे और इसके साथ-साथ मेट्रो का दिल्ली के आसपास के क्षेत्र में विस्तार करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर ने ही देश को संविधान समर्पित किया था और वे संविधान के निर्माता है। भाजपा सरकार की संविधान के प्रति गहरी श्रद्धा है और संविधान के मुताबिक ही सरकार सभी कार्य कर रही है।
मनोहर लाल ने कहा कि देशभर में 10 करोड़ बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक एक करोड़ स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं की शिकायतें दूर होगी। उपभोक्ता बिजली के उपयोग पर नियंत्रण कर सकेंगे और बिजली की बचत भी की जा सकेगी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अच्छे से अनुशासन रखना जानती है। अनुशासन के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी ने विकास किया है।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, महंत बालक नाथ, राजकुमार कपूर, संचित नांदल, अजय खुंडिया, सुनील फौगाट, तरूण सन्नी शर्मा, ओम प्रकाश बागड़ी, ईश्वर सिंघल, नरेंद्र खट्टर, कमल धींगड़ा, सन्नी हंस के अलावा उपायुक्त सचिन गुप्ता व पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया मौजूद थे।

You might also like