शिव आश्रय वृद्धाश्रम रोहिणी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

Free health check-up camp organized in Shiv Ashray Old Age Home Rohini


नई दिल्ली – ओम हेल्प फाउंडेशन के सौजन्य से रविवार को रोहिणी सेक्टर-9 स्थित शिव आश्रय वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सर गंगाराम अस्पताल की वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता त्यागी तथा क्लोव डेंटल की विशेषज्ञ टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान करीब 50 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों के ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, शुगर व ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं।
इस अवसर पर डॉ. कविता त्यागी ने शिव आश्रय वृद्धाश्रम के संचालकों द्वारा वृद्धजनों को दी जा रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है, जिसे आश्रम के संचालक जतिंद्र भारद्वाज और उनकी पत्नी गीता भारद्वाज पूरे समर्पण के साथ निभा रहे हैं। डॉ. त्यागी ने बुजुर्गों को संबोधित करते हुए बताया कि बढ़ती उम्र में बीपी, मधुमेह और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है।
वृद्धाश्रम के संचालक जतिंद्र भारद्वाज ने ओम हेल्प फाउंडेशन व चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बुजुर्गों के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं। ओम हेल्प फाउंडेशन के चेयरमैन बच्चन सिंह राणा ने कहा कि संस्था समाज के कमजोर व जरूरतमंद वर्गों के लिए निरंतर स्वास्थ्य व सामाजिक सेवाओं के लिए प्रयासरत है। उन्होंने वृद्ध आश्रम को गोद लेते हुए कहा कि भविष्य में उनकी संस्था की तरफ से लगातार स्वास्थ्य सुविधा बुजुर्गो को मिलती रहेगी
शिविर में ओम हेल्प फाउंडेशन के महासचिव दौलत राम, ईसीजी टेक्नीशियन राजेश कुमार, भगवान दास गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You might also like