कुंभ-2027 की तैयारियों में अस्थायी व्यवस्थाओं ने भी पकड़ी रफ्तार
Temporary arrangements have also picked up speed in the preparations for Kumbh-2027

कुलदीप कुमार हरिद्वार, 22 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेला क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवस्थापना विकास के स्थायी कार्य प्रगति पर हैं। इनके साथ ही अब मेला प्रशासन ने शिविरों की स्थापना और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ अस्थायी बस अड्डों, पार्किंग स्थलों तथा संपर्क मार्गों को तैयार करने की गति भी तेज कर दी है। विभिन्न सेक्टरों में शिविरों के लिए निर्धारित मेला भूमि की साफ-सफाई एवं समतलीकरण के साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य जन-सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे मेला भूमि पर स्थापित होने वाले कुंभ शिविरों से जुड़ी अस्थायी व्यवस्थाएं आकार लेने लगी हैं।
कुंभ क्षेत्र और शिविरों तक सुगम एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सड़कों को दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन एनएचएआई के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है।
इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही शिविर स्थलों, अस्थायी पार्किंग और बस अड्डों पर जन-सुविधाओं, सुरक्षा तथा आवागमन के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप एवं दक्षद्वीप क्षेत्र में शिविरों की स्थापना के लिए चल रहे ड्रेसिंग-लेवलिंग कार्यों, अस्थायी सड़कों के निर्माण तथा बिजली और पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के लिए निर्धारित भूमि को समय से तैयार करने के साथ वहां आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएं, ताकि कुंभ के दौरान व्यवस्थाओं के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
दक्षद्वीप में कुंभ मेला-2027 के लिए प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने क्षेत्र में आवागमन के मार्गों को सुचारू एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मेलाधिकारी ने हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल की तैयारियों के साथ ही वहां तक पहुंचने वाले मार्गों और पुलों से संबंधित कार्यवाही को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को हरिद्वार बाईपास परियोजना का कार्य अविलंब पूरा कर कुंभ से पहले मार्ग को यातायात के लिए चालू करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने एनएच-74 पर अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर हरिद्वार बाईपास के अंतिम सिरे को शीघ्र सुव्यवस्थित करने तथा वहां आवश्यक साइनेज स्थापित कराने को भी कहा, ताकि वाहन चालकों को मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके और आवागमन सुचारू बना रहे। उन्होंने मौके पर उपस्थित एनएचएआई के अधिकारियों के साथ ही परियोजना निदेशक, नजीबाबाद से दूरभाष पर वार्ता कर एनएच-74 पर चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिड़ियापुर के निकट फ्लाईओवर का अवरुद्ध कार्य भी कुंभ की आवश्यकताओं को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री मनजीत सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता श्री मनोज भट्ट, पीआईयू के अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुश, जल निगम के अधिशासी अभियंता श्री राजेश गुप्ता सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
