तेजपाल सिंह सहरावत को मिला राष्ट्रीय सेवा सम्मान
Tejpal Singh Sehrawat got National Service Award

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया सम्मानित, गुरु रविदास जी के 650वें जन्मदिवस पर कुरुक्षेत्र में हुआ भव्य आयोजन
अश्विनी वालिया कुरुक्षेत्र
कुरुक्षेत्र। श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ की ओर से शिरोमणि संत गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तेजपाल सिंह सहरावत को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा राष्ट्रीय सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर उपस्थित गणमान्य लोगों एवं समाज के सदस्यों ने तेजपाल सिंह सहरावत को बधाई दी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश राठौड़, रविदास आचार्य डॉ. बनवारी लाल, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक डॉ. अनीता आर्य, पूर्व विधायक चांदराम, सूरजभान कटारिया, राष्ट्रीय महासचिव तेजपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि अर्जुन राम मेघवाल ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तेजपाल सिंह सहरावत ने सम्मान के लिए श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव की बात है और इससे समाजसेवा के कार्यों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है।
