Gen-H Startup Summit–युवा उद्यमी चौपाल में Gen-Z युवाओं और युवा उद्यमियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद

Gen-H Startup Summit-Young Entrepreneur Chief Minister interacts with Gen-Z youth and young entrepreneurs in Choupal

युवा उद्यमिता को नई दिशा देने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

युवाओं के आइडिया को धरातल पर उतारकर उन्हें उद्यम और रोजगार का माध्यम बनाने पर सरकार का फोकस

जॉब सीकर’ नहीं, ‘जॉब क्रिएटर’ बनें युवा; नई तकनीक, इनोवेशन और नई सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान

सरकार युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए उनके साथ खड़ी- मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 21 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीक, इनोवेशन और नई सोच का है। आज का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि स्वयं का उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाला बनना चाहता है। हरियाणा सरकार का प्रयास है कि युवाओं के सपनों और उनके नए आइडिया को सही मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहयोग उपलब्ध करवाकर उन्हें धरातल पर उतारा जाए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित Gen-H Startup Summit–युवा उद्यमी चौपाल में Gen-Z युवाओं और युवा उद्यमियों से सीधे संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी औपचारिक मंच से भाषण देना नहीं, बल्कि युवाओं के बीच बैठकर उनके विचार सुनना, उनकी चुनौतियों को समझना और उनके सवालों का सीधे जवाब देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “आने वाला समय नई टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और नई सोच का है।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखें और अपने विचारों को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्टार्टअप और सफल उद्यम में बदलने का प्रयास करें। इस मौके पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी राज नेहरु, वीरेंद्र बड़खालसा, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कौशिक भी उपस्थित रहे।

*आइडिया से इंटरप्राइज और इंटरप्राइज से एम्प्लॉयमेंट तक का सफर*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इस बात की है कि उनके विचारों को सही दिशा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन मिलें। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ऐसा मजबूत उद्यमिता इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जहां युवा अपने आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का विजन स्पष्ट है—“Idea to Enterprise और Enterprise to Employment।” यानी एक विचार को उद्यम में बदलना और उस उद्यम के माध्यम से स्वयं के साथ-साथ अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, स्टार्टअप्स और सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाकर युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

*युवा उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार*

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाएंगी। स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को फंडिंग, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण, मेंटरशिप और बाजार की आवश्यकताओं के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस समय प्रदेश में 12500 स्टार्टअप है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक स्टार्टअप अपना एक और नया स्टार्टअप खड़ा करें ताकि प्रदेश में 25000 से ज्यादा स्टार्टअप का नेटवर्क खड़ा हो सके।

उन्होंने कहा कि Gen-H युवा उद्यमी चौपाल इसी सोच को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम में सफल युवा उद्यमियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जा रहे हैं, ताकि नए उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवा यह समझ सकें कि किसी आइडिया को शुरुआत से सफल व्यवसाय तक कैसे पहुंचाया जा सकता है।

*छह मास्टर क्लासरूम में युवाओं को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण*

कार्यक्रम में छह मास्टर क्लासरूम स्थापित किए गए, जहां सफल उद्यमियों द्वारा युवाओं को स्टार्टअप स्थापित करने तथा उसे आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रत्येक मास्टर क्लासरूम में लगभग 50 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को आगे भी व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को MSMEs से जोड़े जाने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे वास्तविक कारोबारी वातावरण को समझ सकें और अपने उद्यम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें।

*Startup Room में सफल उद्यमियों से सीधा मार्गदर्शन*

युवा उद्यमी चौपाल में स्थापित Startup Room में सफल उद्यमियों ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने की बारीकियों से अवगत कराया। बैंकों द्वारा ऋण एवं वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी दी गई, जबकि स्किल यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने भी युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को यह पता होना चाहिए कि अपना स्टार्टअप शुरू करने के बाद किसी भी स्तर पर सहायता या मार्गदर्शन की जरूरत पड़ने पर वे कहां संपर्क कर सकते हैं। सरकार इस दिशा में एक ऐसा तंत्र विकसित कर रही है, जिसमें युवा अकेला महसूस न करे और उसे अपने आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए उचित संस्थागत सहयोग मिलता रहे।

*हरियाणा के हर जिले तक पहुंचेगी ‘युवा उद्यमिता यात्रा’*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ‘युवा उद्यमिता यात्रा’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल गुरुग्राम तक सीमित रहना नहीं है। यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, ITI, कोचिंग संस्थानों और अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंच बनाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के रूट पहले से निर्धारित किए जाएं और जिन शिक्षण संस्थानों में यात्रा पहुंचेगी, वहां विद्यार्थियों को इसकी जानकारी समय से दी जाए। युवाओं को यह बताया जाए कि वे अपने स्टार्टअप आइडिया को वास्तविकता में बदलने के लिए इस यात्रा के माध्यम से उपलब्ध मार्गदर्शन और सहायता का लाभ कैसे उठा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं तथा बैंकों के स्टॉल लगाकर युवाओं को ऋण एवं वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

*45 हजार से अधिक आइडिया, 400 युवा उद्यमी और नई संभावनाओं का मंच*

Gen-H Startup Summit में प्रदेश के युवाओं की उद्यमशील क्षमता का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। राज्य के Ideathon में अब तक 45 हजार से अधिक आइडिया सामने आ चुके हैं, जबकि लगभग 400 युवा उद्यमियों ने इस समिट में भाग लिया। इनमें से चुनिंदा युवा उद्यमियों ने राउंडटेबल चर्चा के माध्यम से अपने अनुभव, चुनौतियां और नए विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के नए विचार सामने आना इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा का युवा नई सोच और नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। जरूरत इन विचारों को सही दिशा देने और उन्हें सफल उद्यमों में परिवर्तित करने की है।

*AI और आधुनिक तकनीक को अपनाएं युवा*

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों को समझना और उनका उपयोग करना बेहद जरूरी है। युवा जितनी तेजी से नई तकनीकों को अपनाएंगे, उतनी ही तेजी से वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा केवल प्रदेश या देश तक सीमित न रहें, बल्कि अपने विचारों और उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की सोच के साथ आगे बढ़ें।

*मुख्यमंत्री ने सुने युवाओं के सवाल, दिया सीधा जवाब*

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का युवाओं के साथ खुला संवाद रहा। युवाओं ने स्टार्टअप शुरू करने, फंडिंग, तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सवाल और विचार रखे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकार उनके आइडिया और उनकी आकांक्षाओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रतिभावान युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले न बनें, बल्कि अपने उद्यम स्थापित कर दूसरों को भी रोजगार देने की क्षमता विकसित करें।

उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता के रास्ते में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से घबराने की बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। एक सफल उद्यम की शुरुआत छोटे से विचार से हो सकती है, लेकिन निरंतर प्रयास, सही मार्गदर्शन और नई सोच उसे बड़ी सफलता में बदल सकती है।

*युवा शक्ति ही विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और इनोवेटिव सोच को प्रदेश के आर्थिक विकास से जोड़ने के लिए निरंतर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि Gen-H युवा उद्यमी चौपाल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने की एक व्यापक पहल है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक युवा तक यह संदेश पहुंचाना है कि यदि उसके पास कोई नया विचार है तो उसे अवसर, मार्गदर्शन और सहयोग मिल सकता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, नई सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने आइडिया को वास्तविकता में बदलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए उनके साथ खड़ी है। इस कार्यक्रम में गुरुग्राम यूनिवर्सिटी, मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी, मानव रचना यूनिवर्सिटी फरीदाबाद, ऋषिहुड यूनिवर्सिटी सोनीपत, श्री विश्वकर्मा स्कील यूनिवर्सिटी पलवल, प्लेनएक्स स्टार्टअप और एज प्रोमोटर्स का विशेष योगदान रहा।

 

You might also like