डिब्रूगढ़ के स्टेशन रोड प्राचीन श्री शिव मंदिर में श्री श्याम परिवार द्वारा ” एक शाम भोले बाबा संग सांवरिया के नाम ” का आयोजन |

"An evening in the name of Bhole Baba with Sanwariya" was organized by Shri Shyam Parivar at the ancient Shri Shiv temple on Station Road, Dibrugarh.

डिब्रूगढ़ के स्टेशन रोड स्थित 200 साल से भी अधिक प्राचीन श्री शिव मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के पावन अवसर पर अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है | श्री शिव मंदिर परिचालना कमेटी के तत्वाधान में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की कड़ी में श्रावण मास के दूसरे सोमवार, 29 जुलाई को डिब्रूगढ़ की जानी मानी धार्मिक संस्था श्री श्याम परिवार द्वारा ” एक शाम भोलेबाबा संग सांवरिया के नाम ” का आयोजन किया गया | कार्यक्रम की शुरुआत  भगवान भोलेनाथ , बाबा श्री श्याम सहित दरबार में विराजमान अन्य देवी देवताओं की विधिवत पूजा अर्चना तथा पावन ज्योत प्रज्वलन से हुई | उसके बाद श्री श्याम परिवार के भजन गायकों क्रमशः मनोज शर्मा , किशोर लोहिया , डॉ.  कृष्णा गाड़ोदिया , अजय जोशी , पवन गाड़ोदिया तथा अन्यों ने प्रथम पूज्य भगवान गणपति के आह्वान के साथ भजनों के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया | लगभग ३ घंटे चले इस कार्यक्रम में गायक सदस्यों ने भोलेबाबा सहित अन्य देवी देवताओं के भजन गाकर पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया | उपस्थित भक्त भी खुद को भजनों पर झूमने नाचने से नही रोक सके | श्री श्याम  परिवार की परंपरानुसार आयोजक श्री शिव मंदिर परिचालना कमेटी को बाबा श्री श्याम की फोटो भेंट की गई | श्री शिव मंदिर कमेटी द्वारा भी श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष जेठमल बंग , सचिव अशोक सर्राफ सहित गायक सदस्यों का शिव नाम अंकित दुपट्टे से सम्मान किया गया | श्रावण मास में प्राचीन श्री शिव मंदिर में आयोजित होने वाले  कार्यक्रमों की कड़ी में आगामी 5 जुलाई को डिब्रूगढ़ की जानी मानी धार्मिक संस्था श्री मंगलमय सुंदरकांड सत्संग समिति द्वारा ” ॐ नमः शिवाय ” महामंत्र का संगीतमय जाप किया जायेगा | वहीं 11 अगस्त , रविवार को मंदिर परिसर में डिब्रूगढ़ के जाने माने पंडित बैद्यनाथ मिश्रा के आचार्यत्व में उनके सहयोगी पंडितों के सानिध्य में ” सामूहिक महारुद्राभिषेक ” का आयोजन किया जाएगा , जिसमें लगभग 25 जोड़ें यजमान स्वरूप अंश ग्रहण करेंगे | ज्ञात हो कि श्री शिव मंदिर परिचालना कमेटी के तत्वाधान में गत कुछ वर्षों से आयोजित हो रहे इस सामूहिक महारुद्राभिषेक की लोकप्रियता हर साल बढ़ती देखी जा रही है | आगामी 12 अगस्त , सोमवार को मंदिर परिसर में ही विराट भजन संध्या का आयोजन डिब्रूगढ़ की ही धार्मिक संस्था ” श्री श्याम मित्र मंडल ” द्वारा किया जायेगा | ज्ञात हो कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को डिब्रूगढ़ के प्रसिद्ध ” उत्सव डेकोरेटर ” द्वारा भगवान भोलेनाथ के मुख्य दरबार का फूलों तथा पत्तियों से मनमोहक श्रृंगार भी किया जा रहा है | श्रावण मास में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक कार्यक्रमों में श्री शिव मंदिर परिचालना कमेटी की ओर से अध्यक्ष गणपत लोहिया तथा सचिव मनीष तोदी ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर भोलेबाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना की गई है |
You might also like