आने वाले दिनों में बढ़ेंगी बाहरी शक्तियों की चुनौतियां: मोदी

Challenges from external powers will increase in the coming days: Modi

 

नई दिल्ली,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बंगलादेश की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए गुरुवार को आशंका जताई कि आने वाले दिनों में बाहरी शक्तियों की चुनौतियां बढ़ने वाली हैं तथा भारत उन चुनौतियों को भी चुनौती देगा।श्री मोदी ने लालकिले पर 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए बंगलादेश की हिंसा पर कहा, “बंगलादेश को लेकर लोगों की चिंता समझता हूं, हालात जल्दी ही सामान्य होंगे, ऐसी मुझे उम्मीद है। लेकिन मैं इसके साथ-साथ वहां के अल्पसंख्यक, हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित चाहता हूं। भारत हमेशा चाहता है कि पड़ोसी मुल्क शांति के मार्ग पर चले, हम आने वाले दिनों में बंगलादेश की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभाने वाले हैं, हम मानव भलाई के बारे में सोचने वाले लोग हैं।”प्रधानमंत्री ने बंगलादेश के हालात के लिए जिम्मेदार विदेशी ताकतों को भी संदेश देते हुए कहा, “चुनौतियां भीतर भी हैं, चुनौतियां बाहर भी हैं, जैसे आगे बढ़ेंगे चुनौती बढ़ने वाली है, मैं इस बारे में जानता हूं। मैं ऐसी शक्तियों को कहना चाहता हूं कि हमने कभी दुनिया को युद्ध में नहीं झोंका, इसलिए भारत के आगे बढ़ने से विश्व चिंतित ना हों।”

उन्होंने कहा, “भारत के संस्कारों को समझें, भारत के इतिहास को समझिए। लेकिन फिर भी मैं देश को कहना चाहता हूं कि चुनौती कितनी भी बड़ी हो, चुनौती को चुनौती देना भारत की फितरत में है, ना हम रुकेंगे ना झुकेंगे। हम संकल्पों की पूर्ति के लिए 140 करोड़ भारतीयों के भाग्य को निर्धारित करने के लिए मेहनत करने वाले हैं।”

 

 

 

You might also like