ईडी ने जेपी इन्फ्राटेक लिमिटेड व अन्य के खिलाफ छापेमारी में 1.70 करोड़ रु नकद व दस्तावेज जब्त किए

ED seizes Rs 1.70 crore cash and documents in raids against Jaypee Infratech Ltd and others

 

नई दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा है कि उसने घर खरीदारों से धोखाधड़ी के मामले से जुड़ी धनशोधन जांच में जेपी इन्फ्राटेक लिमिटेड (जेआईएल), जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) और अन्य संस्थाओं के खिलाफ छापेमारी के दौरान 1.70 करोड़ रुपये नकद और अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 23 मई को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और मुंबई में 15 परिसरों पर छापेमारी की गई थी।छापेमारी के दौरान जेएएल, इसकी संबंधित संस्थाओं और इसके प्रवर्तक निदेशकों के कार्यालयों तथा परिसरों की तलाशी ली गई।केंद्रीय जांच एजेंसी ने रविवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘गौरसंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, गुलशन होम्ज प्राइवेट लिमिटेड और महागुन रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड सहित जेएएल के प्रमुख कारोबारी सहयोगियों से संबंधित कार्यालयों और परिसरों की भी तलाशी ली गई।’’

धनशोधन का यह मामला दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जेएएल, जेआईएल जैसी कंपनियों और उनके प्रवर्तकों तथा निदेशकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से उत्पन्न हुआ है।प्राथमिकी में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया है, जिसमें जेपी विशटाउन (जेआईएल की परियोजना) और जेपी ग्रीन्स (जेएएल का उपक्रम) जैसी परियोजनाओं में आवासीय अपार्टमेंट और भूखंडों के आवंटन के बहाने बेईमानी से घर खरीदारों और निवेशकों को धन निवेश करने के लिए प्रेरित करना शामिल है।अधिकारियों ने पूर्व में कहा था कि कथित धोखाधड़ी 12,000 करोड़ रुपये की है।तलाशी के दौरान, प्रवर्तकों, उनके परिवार के सदस्यों और समूह की कंपनियों के नाम पर अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों के साथ-साथ वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल उपकरण तथा 1.70 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई।शनिवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में जयप्रकाश एसोसिएट्स ने कहा, ‘‘प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 23 मई, 2025 को कंपनी के कार्यालयों पर छापेमारी शुरू की है।’’कंपनी ने कहा कि उसका कारोबार सामान्य रूप से जारी है।जयप्रकाश एसोसिएट्स ने कहा, ‘‘अधिकारियों के साथ कंपनी और उसके अधिकारी पूरा सहयोग कर रहे हैं तथा तलाशी प्रक्रिया के दौरान मांगी गई सभी प्रासंगिक जानकारी भी अधिकारियों को उपलब्ध करा रहे हैं।’’संकटग्रस्त जेपी समूह की प्रमुख कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स सीमेंट, निर्माण, बिजली, रियल एस्टेट और आतिथ्य कारोबार में सक्रिय है।

You might also like