पूर्व विंग कमांडर बख्शी की मोदी सरकार से अपील, सीधे पीओके पर कब्जा लो

Former Wing Commander Bakshi appeals to Modi government to directly capture PoK

 

नई दिल्ली, पूर्व विंग कमांडर प्रफुल्ल बख्शी ने पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बढ़ते तनाव पर कहा कि जब दो देशों के बीच आपसी संबंध बिगड़ते हैं और सुरक्षा की भावना खतरे में पड़ने लगती है, तब कठोर और निर्णायक कदम उठने पड़ते हैं। पूर्व विंग कमांडर बख्शी ने कहा कि पाकिस्तान की जनता और युवा वर्ग पाकिस्तान आर्मी के साथ नहीं हैं। भारत में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान की भूमिका संदिग्ध है, और यह संभव है कि इस बार पाकिस्तान चीन के साथ मिलकर रणनीतिक तौर पर कोई तनावपूर्ण कदम उठा ले। भारत का यह जवाब बहुत सीमित है और इससे पाकिस्तान की सैन्य गतिविधियों पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, जब भारत को केवल जवाबी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पीओके में उन 8-10 ठिकानों पर सीधा कब्जा करना चाहिए जहां से पाकिस्तानी सेना आतंकियों को भारत में भेजती है। बख्शी ने कहा कि जब तक पाकिस्तान की जमीन पर कब्जा नहीं होगा, तब तक उसकी सेना को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

पाकिस्तान द्वारा सीमा पर सेना और लड़ाकू विमानों की तैनाती पर उन्होंने कहा कि भारत को कोई नई तैयारी करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भारतीय सेना पहले से ही हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और नागरिक संपर्क लगभग समाप्त हो सकते हैं, जिससे संबंधों में और भी अधिक खटास आ सकती है।

 

 

You might also like