इनेलो ने लोकसभा चुनावों के लिए फरीदाबाद, सोनीपत और सिरसा के उम्मीदवार किए घोषित

INLD announced candidates for Faridabad, Sonipat and Sirsa for Lok Sabha elections

सुनील तेवतिया को फरीदाबाद, अनूप सिंह दहिया को सोनीपत और संदीप लोट को बनाया सिरसा से उम्मीदवार

महिला सर्व खाप की अध्यक्ष डॉ संतोष दहिया की अगुवाई में सर्व खाप की पदाधिकारियों ने इनेलो को अपना समर्थन दिया, पूर्व सैनिक एसोसिएशन ने भी इनेलो पार्टी को अपना समर्थन दिया

बीजेपी और जेजेपी लुटेरों का गिरोह है जिन्होंने साढ़े चार साल प्रदेश को लूटा: अभय सिंह चौटाला

शराब घोटाले और रजिस्ट्री घोटाले की जांच हो चुकी है, अगर मुख्यमंत्री में दम है तो इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करे: अभय सिंह चौटाला

वीरेंद्र मराठा जिस भी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे उनको देंगे समर्थन

 


बलराम शर्मा
चंडीगढ़, 22 अप्रैल। सोमवार को इनेलो ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर अपने लोकसभा के तीन उम्मीदवारों की घोषणा की। इस दौरान महिला सर्व खाप की अध्यक्ष डॉ संतोष दहिया की अगुवाई में सर्व खाप की पदाधिकारियों ने इनेलो को अपना समर्थन दिया। लोकसभा चुनाव को लेकर पूर्व सैनिक एसोसिएशन ने भी अपना समर्थन इनेलो पार्टी को दिया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व सैनिक एसोसिएशन के पदाधिकारी इनेलो मुख्यालय में आए और उनकी मांगों को इनेलो के घोषणापत्र में रखने की मांग की। हम उनकी मांगों को अपने घोषणापत्र में शामिल करेंगे। पूर्व सैनिकों के लिए एक बोर्ड बनाएंगे। वन रैंक वन पेंशन में कई खामियां है जिसको पूरा करने में इनेलो इनका साथ देगी। ये लोग अग्निवीर योजना के खिलाफ हैं और हम इसे खत्म करवाने में इनका साथ देंगे। भाजपा सैनिक स्कूलों का जो निजीकरण कर रही है, इसे बंद कराएंगे। अभय सिंह चौटाला ने एक मई को कुरुक्षेत्र से नॉमिनेशन फाइल करने की भी घोषणा की।
डा. संतोष दहिया ने कहा कि इनेलो को समर्थन देने के कई कारण हैं। जैसे 13 महीने किसान आंदोलन चला जिसमें 700 से उपर किसानों की मौत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को जो वादे किए वो पूरे नहीं किए। जब किसान दोबारा बैठे तब फिर उनका दमन किया गया। दूसरा कारण था सरकार ने हमारी खिलाड़ी बेटियों जिन्होंने पूरी दूनिया में भारत का नाम रोशन किया उनको सडक़ों पर घसीटा गया। उनकी किसी ने नहीं सुनी। तीसरा कारण हैं पूर्व मंत्री संदीप सिंह ने महिला खिलाड़ी के साथ जबरदस्ती की। बजाय उस मंत्री को बर्खास्त करने के मुख्यमंत्री कहते थे संदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। सरकार ने हमारे युवाओं को मरने के लिए इजरायल भेज दिया। क्या सरकार उन्हें यहां नौकरियां नहीं दे सकती। हमें आज ऐसी सरकार की जरूरत है जो चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चले ।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने तीन उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए बताया कि बल्लभगढ़ रियासत के राजा नाहर सिंह के प्रपौत्र सुनील तेवतिया को फरीदाबाद, सेवानिवृत्त एसपी, राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित एवं द्रोणाचार्य अवार्डी अनूप सिंह दहिया को सोनीपत और सिरसा से संदीप लोट को उम्मीदवार बनाया गया है। संदीप लोट के पिता रामफल लोट ने 2009 में कांग्रेस की टिकट पर नरवाना से चुनाव लड़ चुके हैं। इनके दादा फकीर चंद दो बार विधायक रह चुके हैं।
अभय सिंह चौटाला ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी और जेजेपी लुटेरों का गिरोह है जिन्होंने साढ़े चार साल प्रदेश को लूटा। आज मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि कोई अर्जी आएगी तो दुष्यंत के खिलाफ जांच करेंगे। शराब घोटाले और रजिस्ट्री घोटाले की जांच हो चुकी है। अगर मुख्यमंत्री में दम है तो इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करे और उन लोगों के नाम उजागर करे। आज भी ये लोग भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। अब ये दोनों एक दूसरे पर भड़ास निकाल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं। ऐसे 19 घोटाले हैं जिनमें सरकार शामिल हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद घोटालों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर कहा कि कांग्रेस ने देश पर लंबे समय राज किया। प्रधानमंत्री को इतने छोटे बयान नहीं देने चाहिए। जेजेपी से नेताओं के इस्तीफे पर कहा कि पांच साल पहले कहा था कि जेजेपी नाम लेने वाला कोई नहीं बचेगा। आज उसका नाम कोई नहीं ले रहा। भाजपा ने किसानों को दिल्ली नहीं जाने दिया अब किसान भाजपा के नेताओं को गांव में घुसने नहीं दे रहे। अभय चौटाला ने कहा कि वीरेंद्र मराठा जिस भी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे उनको समर्थन देता हूं। आप नेता सुशील गुप्ता पांच साल राज्यसभा के सदस्य रहे। लेकिन इन्होंने एक भी दिन किसान की बात नहीं की। कांग्रेस को लेकर कहा कि उनका कोई संगठन नहीं है। आपस में जूता परेड जारी है। एक दूसरे की विरोध कर रहे हैं। इनका लोगों से कोई सरोकार नहीं है। नवीन जिंदल को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं इनको कोयला चोर कहते थे। अब कौन सी वाशिंग मशीन है जिसमें जिंदल धुलकर कोहिनूर हो गए हैं।

You might also like