लोकतंत्र को खत्म कर सामाजिक असमानता बढ़ा रही है मोदी सरकार : खरगे

Modi government is increasing social inequality by ending democracy: Kharge

 

अहमदाबाद, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि देश में तानाशाही चल रही है तथा कुछ उद्योगपतियों को देश की संपत्ति सौंपी जा रही है जिससे अमीर और गरीब के बीच की खाई बढ़ रही है।श्री खरगे ने यहां कांग्रेस अधिवेशन के आखिरी दिन बुधवार को देश के विभिन्न हिस्सों से आये प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आम लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है, विपक्षियों को सताया जा रहा है, दलितों के प्रवेश से मंदिरों को गंगाजल छिड़क कर पवित्र किया जा रहा है और आम लोगों को जिस तरह से परेशान किया जा रहा है, उसे माफ नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का कहना है कि समाज में सबसे बड़ी दिक्कत शिक्षा व्यवस्था की है। इसे बदलने की सख्त जरूरत है ताकि गरीब और दलित का बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे और उसे उच्च शिक्षा प्राप्त करने का हक मिले। आदिवासियों को देश का मूल निवासी बताते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग इन्हें वनवासी कह रहे हैं और नया शब्द देकर उन्हें किनारे करने का प्रयास कर रहे हैं। दलितों के साथ लगातार अत्याचार की घटनाएं हो रही है, लेकिन उन पर किसी का ध्यान नहीं है। मीडिया इस पर ध्यान नहीं देता है क्योंकि यदि इस तरह की घटना दिखाएंगे तो मालिकों को जेल की सजा हो सकती है।श्री खरगे ने कहा कि कांग्रेस को ऊर्जावान लोगों की जरूरत है और उन्हीं के बल पर कांग्रेस को आगे बढ़ाया जा सकता है।कांग्रेस में सबको सक्रिय होकर पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस में जो लोग जिम्मेदारी नहीं निभा सकते, उन्हें रिटायर होना चाहिए और जो योगदान नहीं करते उन्हें आराम करना चाहिए।कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार को दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी तथा पिछड़ा वर्ग विरोधी बताया और कहा कि वह इन वर्गों की जनगणना नहीं करना चाहते, सरकारी दफ्तरों में इन वर्गों के लिए नौकरियां है लेकिन उनके लिए आरक्षित पदों पर भर्ती नहीं की जा रही है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को पूंजीपत्तियों को बेचा जा रहा है और गरीबों के लिए नौकरी के रास्ते बंद करने की सोची समझी रणनीति चल रही है।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार सांप्रदायिकता को बढ़ावा देती है और पुराने मुद्दों को सामने लाकर समाज को विभाजित करने का काम करती है। देश में अभिव्यक्ति की आजादी खत्म की जा रही है लोगों की पहनने तथा बोलने की आजादी खत्म की जा रही है। कमजोर वर्ग के लोगों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने सांप्रदायिकता को जहर बताया और कहा कि इससे समाज दूषित हो रहा है तथा इसे खत्म किया जाना बहुत जरूरी है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साबरमती के तट पर हो रहे इस अधिवेशन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न्याय पथ में संकल्प समर्पण और संघर्ष के साथ देश में खुशहाली के लिए काम करना है। उनका कहना था कि कांग्रेस संगठन को अब जिला स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा और इसके लिए सभी जिला अध्यक्षों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को संसद में भी खत्म किया जा रहा है। वहां विपक्ष के नेता जनता की बात रखना चाहते हैं लेकिन उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया जाता है। सुबह चार बजे तक संसद चलती है लेकिन मणिपुर जैसे मुद्दे पर चर्चा नाम मात्र की होती है। संविधान को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।श्री खरगे में फर्जी चुनाव का मुद्दा उठाया और कहा कि वोटिंग मशीनों में जो भी वोट डाले जाते हैं अन्य खाते में जाते है इसलिए पूरी व्यवस्था को बदला जाना चाहिए। महाराष्ट्र और हरियाणा में फर्जी वोटिंग के जरिए भाजपा ने सरकार बनाई है। ईवीएम वोटिंग तकनीकी में बदलाव लाया जाना जरूरी है।

 

You might also like