देशभर में मानसून सक्रिय, कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

Monsoon is active across the country, heavy rains affect life in many states

 

नई दिल्ली, देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय है और कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। उत्तरी, मध्य और तटीय भारत के कई इलाकों में रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई जगहों पर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, इससे कई इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ी है। मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति 13 जुलाई तक बनी रह सकती है। पश्चिम बंगाल में कोलकाता के लिए हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।गुजरात में 207 जलाशयों में से कई अब तक 54 प्रतिशत तक भर चुके हैं। वहीं, कई स्थानों पर जलभराव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। गोवा में मानसून ने रफ्तार पकड़ी है और अब तक 50 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ में लगातार बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें कुछ लोगों की मौत हुई है। यहां येलो और ऑरेंज अलर्ट के बीच राहत एवं बचाव कार्य तेज़ कर दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश में 15 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य में ग्वालियर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, रीवा और शहडोल में शनिवार और रविवार को अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। इंदौर और उज्जैन में अच्छी वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।राजस्थान में 12 से 15 जुलाई के बीच दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम भागों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कोटा, उदयपुर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभागों में भारी वर्षा के आसार हैं। राज्य में 1 जून से अब तक औसतन 392.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 70 प्रतिशत अधिक है।छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बाद मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश में सिर्फ 12.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अगले कुछ दिनों तक दुर्ग, रायपुर और बस्तर में बारिश कम होगी, जबकि बिलासपुर और सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान है।हरियाणा में भी मानसून का असर दिख रहा है। 13 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि मानसून ट्रफ अब दक्षिण की ओर राजस्थान की ओर बढ़ रही है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में बारिश थोड़ी कम हो सकती है। देशभर में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के चलते अगले कुछ दिनों में और बदलाव आने की संभावना है।बिहार में रुक-रुक कर हो रही वर्षा से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। उधर, हिमाचल प्रदेश में मानसून ने भारी तबाही मचाई है। अब तक करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। मंडी, शिमला और ऊना जैसे जिलों में सामान्य से कहीं अधिक बारिश हुई है, जिससे भूस्खलन और यातायात बाधित होने की घटनाएं बढ़ी हैं। राज्य सरकार ने नदियों के किनारे हो रहे निर्माण कार्यों पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।

 

 

 

You might also like