एनआईए ने दाऊद गिरोह के गुर्गे की गुजरात में संपत्ति कुर्क की
NIA seizes property of Dawood gang henchman in Gujarat

नई दिल्ली, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पाकिस्तान में रह रहे भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के एक सहयोगी की गुजरात के भरूच में स्थित दो अचल संपत्तियां 2015 के एक दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में कुर्क की हैं।यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ मंजरो की संपत्ति को मामले में अहमदाबाद स्थित एनआईए की विशेष अदालत के आदेश पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत कुर्क कर लिया गया है।जांच एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ”कुर्क की गई संपत्तियों में भरूच शहर के वार्ड नंबर 3, सिटी सर्वे नंबर 3614 (कुल क्षेत्रफल: 143.96 वर्ग मीटर) का उसका आवासीय मकान और भरूच शहर के वार्ड नंबर 3, सिटी सर्वे नंबर 3615 (कुल क्षेत्रफल: 29.59 वर्ग मीटर) शामिल है।’इसमें कहा गया है कि मंजरो को नवंबर 2015 में भाजपा कार्यकर्ताओं – शिरीष बंगाली और प्रग्नेश मिस्त्री – की हत्या और आपराधिक साजिश में उसकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया था।
