आर्मेनिया गणराज्य के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात की
Parliamentary delegation from the Republic of Armenia calls on President Murmu

नई दिल्ली,आर्मेनिया गणराज्य की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष एलेन सिमोनियन के नेतृत्व में आर्मेनिया गणराज्य के एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार श्रीमती मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और आर्मेनिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों और लोकतंत्र के साझा मूल्यों पर आधारित बहुआयामी समकालीन संबंधों को याद किया। राष्ट्रपति ने वैश्विक बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग का भी उल्लेख किया, और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में आर्मेनिया की सदस्यता तथा तीनों वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन में इसकी भागीदारी की सराहना की। श्रीमती मुर्मु ने विभिन्न विकास साझेदारी कार्यक्रमों के माध्यम से आर्मेनिया में क्षमता निर्माण और कौशल विकास में योगदान जारी रखने की भारत की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार का विस्तार करने और दोनों देशों के बीच भौतिक तथा वित्तीय संपर्क बढ़ाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। राष्ट्रपति ने कहा कि नियमित संसदीय संवाद एक-दूसरे की शासन प्रणालियों और कानूनों की समझ बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अर्मेनियाई संसदीय प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी।
