अंबेडकर जयंती पर दुजाना में प्रतिभाशाली युवाओं का हुआ सम्मान
Talented youth were honored in Dujana on Ambedkar Jayanti
दुजाना गांव की धानक चौपाल में एकत्रित प्रबुद्धजनों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पार्पित कर किया नमन

बेरी।धनुर्धर धानक समाज जिला झज्जर एवं इंडियन जागृति मंच के संयुक्त तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर दुजाना गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया। गांव की धानक चौपाल में प्रातः ग्यारह बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणों के अलावा दूर- दराज के प्रबुद्धजनों ने भी शिरकत करते हुए बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान युवाओं द्वारा देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम के संयोजक चैनसुख गुरहिया ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सभी वर्गों को वोट का अधिकार देते हुए उन्हें समाज में समानता का अधिकार दिलाया। इस दौरान मुख्यातिथि के रूप में मौजूद नांगलोई निवासी समाजसेवी राजेंद्र खर्रा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन में बड़ी-बड़ी मुश्किलों का सामना करते हुए संविधान के द्वारा दलितों-पिछड़ों व महिलाओं को समाज में सम्मान के साथ जीने का प्रावधान किया। सरपंच प्रतिनिधि सुनील दुजाना ने कहा कि डॉ.अंबेडकर ने शिक्षित बनो संगठित रहो व संघर्ष करो का नारा देते हुए समाज के लोगों को सदैव अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने व शिक्षित बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जहां लोगों से मतदान अवश्य करने की अपील की गई वहीं मतदान करने संबंधी शपथ भी दिलाई गई। इसके अलावा प्रतिभाशाली युवाओं व समाजसेवा व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को मंच की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर महेंद्र विद्यार्थी, एमडी खन्ना, बलराज सिंघल, नरेश सोलंकी दुल्हेड़ा, सुदाम सिंह नागर, श्रीराम मंदिर ट्रस्ट प्रधान किशनचंद बग्गा, करतार निर्माण, नरेश दुजाना, डब्बू इंदौरा, मास्टर परीक्षित, धर्मेंद्र इंदौरा राजेंद्र सिंह फौजी महेंद्र सिंह पूरणमल ठेकेदार सहित अन्य भी मौजूद रहे।
