अहमदाबाद विमान हादसे की गहन जांच में जुटी टीम
Team engaged in in-depth investigation of Ahmedabad plane crash

नई दिल्ली,अहमदाबाद में हुई एयरइंडिया (एआई-171) के बोइंग-787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटना के कारणों का प्रारंभिक जांच में पता नहीं लग सका है। अब विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने कई नजरिए से गहन जांच शुरू की है, जिससे मुख्य तौर पर इंजन से जुड़ी फ्यूल (ईंधन) और इलेक्ट्रिक सप्लाई की स्थिति का पता लगाया जा सके। उधर, विमान से जुड़ा मलबा उपकरण निर्माताओं को भेजा गया है, जिससे बारीकी से हर चीज की जांच हो सके।सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के पीछे के असल कारणों पता न लगने के कारण अब जांच का दायरा बढ़ाया गया है। आगे की जांच में यह भी पता करने की कोशिश की जा रही है कि विमान में लगे किसी पूर्जे में कहीं कोई खराबी तो नहीं थी। इसलिए दुर्घटना से पहले विमान के किन-किन हिस्सों की मरम्मत की गई और किन-किन पुर्जों को बदला गया। रिकॉर्ड के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि बीते वर्षों में विमान की कितनी बार मरम्मत की गई और किस तरह के पुर्जों को बदला गया। उन्हें कहां से मंगाया गया था। इसलिए मलबे से प्राप्त पुर्जों को जांच के लिए उन कंपनियों में ही भेजा जा रहा है, जिनमें उनका निर्माण किया गया था।वहीं, फ्यूल कंट्रोल स्विच पर भी जांच को केंद्रित किया जा रहा है। आशंका है कि फ्यूल सप्लाई बाधित होने की वजह से इंजन की अचानक से थ्रस्ट (पावर) खत्म हो सकती है या फिर अचानक से इलेक्ट्रिक सप्लाई बाधित होने की वजह से भी इंजन बंद हो सकता है। इसलिए दोनों नजरिए से जांच का दायरा बढ़ाया गया है। उधर, नागरिक उड्डयन मंत्रालय एएआईबी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट को जल्द ही सार्वजनिक कर सकती है। हालांकि जानकार कहते हैं कि इस रिपोर्ट में दुर्घटना के कारण को पता नहीं लगेगा। क्योंकि अभी तक की जांच कई तकनीकी पहलुओं पर आधारित है, जिनकी आगे की जांच होने भी बाकी है।विमान में काफी अहम है फ्यूल कंट्रोल स्विच : फ्यूल कंट्रोल स्विच (रन और कटआफ) किसी भी विमान के इंजन को चालू या बंद करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इस स्विच का उपयोग उस वक्त किया जाता है, जब विमान जमीन पर होता है। यह स्विच सामान्य तौर पर जेट के थ्राटल लीवर के नीचे और फ्यूल कंट्रोल माड्यूल के अंदर होता है। स्विच के चारों ओर ब्रैकेट लगे होते हैं, जिससे गलती से वह हिल न जाएं। अगर स्विच को कटऑफ मोड में कर देती हैं तो उससे ईंधन की सप्लाई अचानक से रुक जाती है और इंजन बंद हो जाती है।
