जेवर से तय समय पर उड़ान सेवा शुरू करने के लिए तेजी से पूरे करने होंगे काम

To start flight service from Jewar on time, work will have to be completed fast

 

 

नई दिल्ली, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए 15 सितंबर की समय-सीमा तय की है। सबसे पहले घरेलू और कार्गो उड़ान सेवा शुरू होगी। उसके बाद 25 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू करने की योजना है लेकिन तय समय पर उड़ान सेवा शुरू करने के लिए बचे हुए काम तेजी से पूरे करने होंगे। क्योंकि तय समय पर उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर कई सारी अनिश्चितताएं हैं।अभी तक एयरपोर्ट पर कई अहम कार्य बचे हैं, जिनके पूरा किए बैगर उड़ान सेवा को शुरू नहीं किया जा सकता है। खासकर यात्रियों से जुड़ी सुविधा, सुरक्षा और समस्त एयरपोर्ट की सुरक्षा के नजरिए से कई अहम कार्य होने बाकी हैं। मानकों के हिसाब से किसी भी एयरपोर्ट पर उड़ान सेवा शुरू करने से पहले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) से सुरक्षा संबंधी मंजूरी लेनी होती है। यह मंजूरी तभी प्रदान की जाती है, जब बीसीएएस यह सुनिश्चित कर लेता है कि एयरपोर्ट परिसर पूरी तरह से कवर है और प्रवेश और निकासी की समूचित व्यवस्था है। यात्रियों और सामान की जांच करने के लिए एयरपोर्ट परिसर पर पुख्ता इंतजाम किए गए है। अग्निशमन से लेकर अन्य तरह की व्यवस्थाओं को भी देखा जाता है। सूत्रों का कहना है कि अभी जेवर एयरपोर्ट पर काफी काम बचा है। कार्य भले ही अंतिम चरण में हो, लेकिन जिस तरह के काम बचे हैं, उन्हें पूरा करने में चार से पांच महीने का वक्त लगता है। कई बार उससे भी ज्यादा समय लग जाता है। ऐसे में जब काम पूरा होगा तो उसके बाद बीसीएएस द्वारा सुरक्षा संबंधी मंजूरी प्रदान की जाएगी।

एरोड्रम लाइसेंस भी मिलना बाकी उड़ान सेवा शुरू करने से पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से भी एरोड्रम लाइसेंस भी लेना होगा है। यह हवाई अड्डे के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। क्योंकियह लाइसेंस हवाई अड्डे को नागरिक उड्डयन नियमों के अनुसार संचालित करने की अनुमति देता है। डीजीसीए, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ मिलकर हवाई अड्डे के लाइसेंसिंग की प्रक्रिया को संभालता है। जब कोई एयरपोर्ट तैयार होता है तो फिर डीजीसीए में लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाता है। उसके बाद डीजीसीए की टीम हवाई अड्डे का निरीक्षण करती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह सभी सुरक्षा और परिचालन मानकों को पूरा किया गया है। यह प्रक्रिया भी अभी आरंभिक दौर में है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट जेवर से आगे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से जुड़े एक अधिकारी बताते हैं कि नवी मुंबई में काफी तेजी से काम चल रहा है। कई चरण में उसका काम जेवर एयरपोर्ट से आगे है। इसलिए संभावना है कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जेवर से पहले शुरू हो सकता है। उसकी लाइसेंस से जुडी प्रक्रिया भी काफी एडवांस स्टेज में पहुंच चुकी है।

लगातार बढ़ रही जेवर एयरपोर्ट की समय सीमा जेवर एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू करने की समय-सीमा लगातार बढ़ाई जा रही है। पहले अप्रैल में उड़ान सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया। उसके बाद जून से उड़ान सेवा शुरु करने की बात कही गई। अब बीते दिनों उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से सितंबर में घरेलू उड़ानों और कार्गो सेवाओं की शुरुआत होगी।

 

 

 

 

You might also like