ट्रांसपोर्टर के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, एक व्यक्ति की मौत
Violent clash between two groups of transporters, one person died

कोरबा, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल सरायपाली बुड़बुड़ कोयला खदान में शुक्रवार देर रात ट्रांसपोर्टर के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस गैंगवार में एमटीसी कंपनी ग्रुप के ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की चाकू और गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोरबा जिले के पाली विकासखंड के सरायपाली बुड़बुड़ खदान में लंबे समय से चल रही कोयला वर्चस्व की लड़ाई ने कल रात हिंसक रूप ले लिया। सरायपाली परियोजना के गेट पर कोयला लोडिंग को लेकर एमटीसी कंपनी ग्रुप और दूसरे गुट के लोगों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट, तलवारबाजी और फायरिंग होने लगी। इस दौरान रोहित जायसवाल को चाकू और गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से दो को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीन लोग कथित तौर पर लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस घटना के बाद पाली नगर में भारी तनाव है। लोगों में रोष और भय का माहौल है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद हैं। साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है, और संदिग्धों की तलाश जारी है। इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने शनिवार को नगर बंद का आह्वान किया है।
