राजग को एसआईआर के जरिये गरीबों के वोट नहीं चुराने देंगे: राहुल
Will not let NDA steal votes of poor people through SIR: Rahul

अररिया (बिहार), कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर वोट चुराने की कोशिश करने का आरोप लगाया।गांधी ने ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के तहत यहां एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश के गरीबों और युवाओं के लिए ‘रोजगार के सभी अवसर बंद करने’ का भी आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, “नरेन्द्र मोदी सरकार… सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों का निजीकरण करने के बाद… अब निर्वाचन आयोग की मदद से एसआईआर के जरिए गरीबों के वोट चुराना चाहती है।”लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “‘इंडिया’ गठबंधन बिहार में ऐसा नहीं होने देगा। संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकारों की गारंटी देता है… एसआईआर संविधान विरोधी है। बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को करारा जवाब देगी।”लगभग 1,300 किलोमीटर लंबी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। यात्रा 16 दिन में 20 से अधिक जिलों से गुजरेगी और एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी।
