युवा अपना वोट बनवाएं और दूसरों को भी बताएं वोट का महत्व

Youth should register their vote and tell others about the importance of voting

कुरुक्षेत्र 12 अप्रैल स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता) अभियान के अंतर्गत होटल मैनेजमेंट संस्थान ज्योतिसर कुरुक्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह शामिल हुए और संस्थान के विद्यार्थियों को मतदान के महत्व को लेकर जागरूक किया।
डीआईपीआरओ डा. नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को चुनाव आयोग द्वारा लॉन्च की गई मतदाता हेल्पलाइन एप के जरिए वोट बनवाने सहित मतदान के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा सी-विजिल, केवाईसी आदि कई एप लॉन्च की गई है जो स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से चुनाव करवाने के उद्देश्य से की गई है। एक जनवरी 2024 को जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है वह 26 अप्रैल तक वोट बनवा कर 25 मई को लोकसभा चुनाव में भागीदार बन सकते हैं। वोट बनवाने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट ईसीआई.जीओवी.इन व वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ-साथ अपने बीएलओ, जिला  निर्वाचन विभाग के कार्यालय में ऑफलाइन मोड से भी वोट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा लोकतंत्र, निर्वाचन आयोग, मतदान और मतदाताओं के अधिकार से संबंधित सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं को अपने पसंद की सरकार चुनने का अधिकार है। उन्होंने विद्यार्थियों को भी इस अभियान में जुड़ने के लिए प्रेरित किया व विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह जागरूक नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपने घर, परिवार व आसपास के क्षेत्र में भी लोगों को मतदान को लेकर जागरूक करें। मतदान व वोट से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए वे टोल फ्री नंबर 1950 को भी डायल कर सकते है।

You might also like