दूसरे व्यक्ति के पासपोर्ट पर यात्री को कनाडा भेज रहे दो एजेंट गिरफ्तार
Two agents arrested for sending traveler to Canada on someone else's passport
)
नई दिल्ली,आईजीआई एयरपोर्ट से एक यात्री को दूसरे शख्स के पासपोर्ट पर कनाडा भेजने का मामला सामने आया है। मामले में यात्री व दो एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नवजोत, सपिन्द्र सिंह और जगदेव सिंह के रूप में हुई है। डीसीपी उषा रंगनानी के अनुसार 8 मई को एक भारतीय शख्स आईजीआई एयरपोर्ट से कनाडा जाने के लिए आया था। उसने जांच के दौरान अपना पासपोर्ट दिखाया, जिसपर हरदीप सिंह लिखा था, लेकिन इस पर लगी तस्वीर से यात्री का चेहरा मेल नहीं खा रहा था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि यह किसी अन्य शख्स का पासपोर्ट है। उसका नाम नवजोत सिंह है। इस बाबत मामला दर्ज कर आरोपी यात्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
नवजोत ने पुलिस को बताया कि उसके गांव के कई लोग विदेश में रहते हैं। वह भी उनकी तरह अच्छी कमाई के लिए विदेश जाना चाहता था। वर्ष 2019 में डंकी रूट से कप्तान सिंह एजेंट ने उसे अमेरिका भेजा था, लेकिन मई 2020 में उसे अमृतसर डिपोर्ट कर दिया गया। इस बाबत पंजाब में उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। यहां आकर वह खेती करने लगा। वह दोबारा विदेश जाना चाहता था। इस दौरान वह सपिन्द्र सिंह से मिला, जिसने 28 लाख रुपये में उसे कनाडा भेजने का वादा किया। उसने सपिन्द्र को 6 लाख रुपये नकद दिए थे। एजेंट ने उसके टिकट एवं होटल में ठहरने का बंदोबस्त किया, लेकिन वह पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने सपिन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सपिन्द्र ने पुलिस को बताया कि जगदेव सिंह की मदद से उसने हरदीप सिंह के पासपोर्ट का इंतजाम किया था, जो यात्री जैसा दिखता था। इसके लिए तीन लाख रुपये उसने जगदेव को दिए थे। पुलिस ने जगदेव को भी पटियाला से गिरफ्तार कर लिया।
