नारायणा फ्लाईओवर पर एक ज्वाइंट को ठीक करने में लगे 12 दिन

कार्य की गति को देखते हुए 25 मई तक का समय लग सकता है

नई दिल्ली,नारायणा फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य से लाखों वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर तय लक्ष्य के मुताबिक 21 मई तक तीनों ज्वाइंट के मरम्मत कार्य होने हैं, लेकिन कार्य की गति देखकर ऐसा होने की संभावना कम ही है। अभी तक पीडब्ल्यूडी ने सिर्फ एक ज्वाइंट को ठीक किया है। बुधवार तक दूसरे ज्वाइंट का मरम्मत कार्य पूरा होने की उम्मीद है, वहीं तीसरे ज्वाइंट पर अभी खुदाई का कार्य चल रहा है। ऐसे में अभी वाहन चालकों की परेशानी कम होने वाली नहीं है।

जानकारी के अनुसार धौला कुआं से मायापुरी जाने की दिशा में नारायणा फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी ने 20 दिन के भीतर यहां तीनों ज्वाइंट के मरम्मत कार्य का दावा करते हुए ट्रैफिक पुलिस से फ्लाईओवर बंद करने के लिए कहा था। सूत्रों ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इसे सूखने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा। ऐसे में फ्लाईओवर खुलने में 25 मई तक का समय लगने की संभावना है। यहां मरम्मत कार्य के चलते वाहन चालकों को लगभग दो किलोमीटर तक जाम का सामना करना पड़ रहा है। फ्लाईओवर के दूसरी तरफ व्यस्त समय में दोनों दिशाओं का ट्रैफिक चलाया जा रहा है, जिससे कुछ राहत है। फिर भी यहां लोगों को तीन किलोमीटर का सफर तय करने में 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है।

You might also like