देश में स्मार्टफोन की बिक्री जून तिमाही में दो प्रतिशत घटीः रिपोर्ट
Smartphone sales in the country declined by 2 percent in the June quarter: Report
नई दिल्ली, जून तिमाही में तेज गर्मी और सुस्त मांग की वजह से देश में स्मार्टफोन की बिक्री सालाना आधार पर दो प्रतिशत घट गई। मात्रा के लिहाज से शाओमी शीर्ष स्थान पर रही जबकि बिक्री मूल्य में सैमसंग सबसे आगे रही।वैश्विक शोध फर्म काउंटरपॉइंट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में अप्रैल-जून तिमाही में बिकने वाले स्मार्टफोन में 5जी उपकरणों की हिस्सेदारी 77 प्रतिशत रही जो अबतक का सर्वाधिक अनुपात है।एक और खास बात यह है कि मूल्य के लिहाज से भारतीय स्मार्टफोन बाजार ने जून तिमाही का अपना सर्वाधिक आंकड़ा हासिल किया। इसमें प्रीमियम उत्पादों को लेकर जारी चलन की अहम भूमिका रही।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में स्मार्टफोन बिक्री में अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर दो प्रतिशत की गिरावट आई है। यह गिरावट गर्मी, मौसम-जनित सुस्ती और मंदी और धीमी मांग के कारण रही।हालांकि, स्मार्टफोन कंपनियों ने अपने स्टॉक को निकालने के लिए जून तिमाही में कई बिक्री प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किए।वरिष्ठ शोध विश्लेषक शिल्पी जैन ने इन आंकड़ों पर कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में आलोच्य तिमाही में तेज गर्मी पड़ने से दुकानों तक ग्राहक कम पहुंचे। इसके अलावा गर्मी से बचने के लिए ऑफलाइन चैनल में कम ग्राहक आए और स्मार्टफोन की खरीदारी में देरी हुई क्योंकि उपभोक्ताओं ने एयर-कंडीशनर और रेफ्रिजरेटर जैसे उपकरणों को प्राथमिकता दी।पिछली तिमाही में शाओमी 23 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ शीर्ष स्थान पर रही। कुल बिक्री में उसकी हिस्सेदारी 18.9 प्रतिशत रही जबकि वीवो 18.8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही।हालांकि, मूल्य के मामले में सैमसंग 25 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बाजार में सबसे आगे रही। उसके बाद वीवो और एप्पल का स्थान रहा।
