भारत-आसियान व्यापार समझौते की समीक्षा वार्ता का अगला दौर नवंबर में
Next round of India-ASEAN trade agreement review talks in November
नई दिल्ली, भारत-आसियान के बीच वस्तुओं में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की चल रही समीक्षा बैठक के लिए अगले दौर की वार्ता नवंबर में होगी। शनिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।वार्ता का तीसरा दौर एक अगस्त को इंडोनेशिया के जकार्ता में संपन्न हुआ था।समझौते की समीक्षा से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों पर वार्ता करने के लिए भारत-आसियान मुक्त व्यापार समझौता संयुक्त समिति के अंतर्गत आठ उप-
समितियां गठित की गई हैं।वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, “एआईटीआईजीए (आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौता) संयुक्त समिति की अगली बैठक 19-22 नवंबर 2024 को भारत में आयोजित की जाएगी।”एआईटीआईजीए पर 2009 में हस्ताक्षर किए गए थे।दोनों पक्षों ने समझौते को अधिक व्यापार-सुविधाजनक और पारस्परिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए सितंबर, 2022 में समीक्षा करने का कार्य एआईटीआईजीए संयुक्त समिति को सौंपा।इंडोनेशिया के जकार्ता में तीसरे दौर की वार्ता के दौरान, राष्ट्रीय उपचार और बाजार पहुंच, उत्पत्ति के नियम, मानक, तकनीकी विनियमन, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं और व्यापार सुविधा से संबंधित सभी आठ उप-समितियों ने ठोस चर्चा की।आसियान के सदस्यों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं।
