क्लासिक लीजेंड्स हर साल 200 जावा-येजदी शोरूम खोलेगी
Classic Legends will open 200 Jawa-Yezdi showrooms every year

चेन्नई, महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी तथा भारत में जावा और येजदी मोटरसाइकिलों की खुदरा विक्रेता कंपनी क्लासिक लीजेंड्स हर साल 200 खुदरा शोरूम खोलेगी।कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष सिंह जोशी ने शनिवार को यहां माउंट पूनमल्ली में 6,000 वर्ग फुट में फैले नए आउटलेट ‘स्वास्तिक मोटर्स’ का उद्घाटन करने के बाद कहा कि क्लासिक लीजेंड्स 15 अगस्त को मोटरसाइकिलों की लोकप्रिय बीएसए श्रृंखला को भी पेश करने की तैयारी कर रही है। इस शोरूम को देश का सबसे बड़ा शोरूम बताया जा रहा है।उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “वर्तमान में हमारे पास लगभग 450 डीलरशिप हैं। हमने चालू वित्त वर्ष तक इसे 600 तक ले जाने की योजना बनाई है। यदि आप इसकी तुलना किसी और से करें, तो हमें अभी भी बहुत आगे जाना है। अगले कुछ वर्षों तक हम हर साल 200 से ज़्यादा शोरूम जोड़ते रहेंगे।”शहर में सबसे बड़ा शोरूम स्थापित करने के बारे में उन्होंने कहा, ‘हम चेन्नई में देश के सबसे बड़े जावा येजदी डीलरशिप के दरवाजे खोलने के लिए उत्साहित हैं। तमिलनाडु हमारे लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है।’एक सवाल के जवाब में जोशी ने कहा, “अभी हमारे ग्राहकों की औसत आयु 21 से 32 वर्ष के बीच है। हमारे 80 प्रतिशत ग्राहक या अधिकांश ग्राहक इसी आयु वर्ग के हैं। हमारी जावा 42, जावा 42 बॉबर, जावा 350 (बाजार में) बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। एडवेंचर लगातार बिक रही है। रोडस्टर हमारे लिए सबसे ज़्यादा बिकने वाली बाइक है।”उन्होंने कहा कि कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों पर काम कर रही है और चार्जिंग बुनियादी ढांचा तैयार होने पर इसे घरेलू बाजार में उतारा जाएगा।
