यमुना में छलांग लगाने वाले छात्र का शव बरामद
Body of student who jumped into Yamuna river found

नई दिल्ली, वजीराबाद सिग्नेचर ब्रिज पर बाइक खड़ी कर यमुना में छलांग लगाने वाले छात्र का शव गोताखोरों की टीम ने तीन दिन बाद सोमवार शाम को ढूंढ निकाला। शव सिग्नेचर ब्रिज से कई किलोमीटर दूर ओखला बैराज के पास से बरामद किया गया। मारे गए छात्र की पहचान 17 वर्षीय अंशु चौधरी के तौर पर हुई है। खुदकुशी के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस के मुताबिक अंशु चौधरी अपने परिवार के साथ गाजियाबाद के लोनी स्थित इंद्रापुरी में रहता था। अंशु के भाई आकाश ने पुलिस को बताया कि उसका भाई 12वीं कक्षा में पढ़ता था और यमुना विहार में कोचिंग सेंटर पढ़ने के लिए जाता था। शनिवार को वह घर से कोचिंग सेंटर के लिए निकला था, लेकिन यह पता चला कि उस दिन कोचिंग सेंटर की छुट्टी थी। परिजनों को उसी दिन करीब सात बजे सूचना मिली कि अंशु ने सिग्नेचर ब्रिज पर बाइक खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी है।
