भारतीय प्रतिमा विज्ञान भारतीय ज्ञान परंपरा की दार्शनिक चेतना और सांस्कृतिक वैभव का सशक्त प्रतिबिंब : प्रो. मुरलीमनोहर पाठक
Indian Idol Science A powerful reflection of the philosophical consciousness of the Indian knowledge tradition and cultural splendour: Prof. Murali Manohar Pathak
श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में द्विदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ; ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से देशभर के विद्वानों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों की सहभागिता

नई दिल्ली श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के वास्तुशास्त्र विभाग के तत्वावधान में ‘भारतीय प्रतिमा विज्ञान : वास्तुशास्त्रीय एवं सामाजिक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर आयोजित द्विदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का 19 नवंबर 2026 को गरिमामय शुभारंभ हुआ। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विद्वानों, शिक्षाविदों, वास्तुशास्त्र विशेषज्ञों और शोधार्थियों ने सहभागिता की। संगोष्ठी में भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत, प्रतिमा विज्ञान के दार्शनिक एवं आध्यात्मिक आधार, वास्तुशास्त्रीय सिद्धांतों तथा भारतीय स्थापत्य कला के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्त्व पर व्यापक अकादमिक विमर्श किया जा रहा है।उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने की। मुख्य अतिथि के रूप में योजना एवं वास्तुकला विद्यालय, नई दिल्ली के डीन प्रो. पी. एस. एन. राव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली के संकाय प्रमुख प्रो. दुर्गेश त्रिपाठी तथा सारस्वत अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जम्मू परिसर, कोट भलवाल के पूर्व निदेशक प्रो. वासुदेव शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय के वेद-वेदांग पीठ प्रमुख प्रो. देवीप्रसाद त्रिपाठी का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. प्रवेश व्यास ने किया। संगोष्ठी के संयोजक एवं वास्तुशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक थपलियाल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न पीठों के प्रमुख, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अकादमिक समुदाय की व्यापक भागीदारी ने आयोजन की गरिमा और विषय की शैक्षणिक प्रासंगिकता को विशेष विस्तार प्रदान किया।
भारतीय प्रतिमा विज्ञान में प्रतिबिंबित होती है भारतीय मनीषा की गहन दार्शनिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि : प्रो. मुरलीमनोहर पाठक
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने भारतीय प्रतिमा विज्ञान को भारतीय सभ्यता की बौद्धिक संपन्नता, आध्यात्मिक अनुभूति और सांस्कृतिक अस्मिता का विशिष्ट प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में प्रतिमा केवल कलात्मक सृजन अथवा सौंदर्यबोध की अभिव्यक्ति नहीं है, बल्कि उसके स्वरूप, अनुपात, मुद्रा, प्रतीक और संरचना में गहन दार्शनिक चिंतन तथा शास्त्रीय वैज्ञानिक दृष्टि समाहित है। भारतीय शिल्पशास्त्र, वास्तुशास्त्र, आगम परंपरा और संस्कृत वाङ्मय में प्रतिमा निर्माण के सिद्धांत भारतीय ज्ञान-विज्ञान की समृद्धि के परिचायक हैं।उन्होंने भारतीय कला-दृष्टि में अध्यात्म, विज्ञान, सौंदर्य और लोकमंगल के अद्भुत समन्वय को रेखांकित करते हुए प्राचीन ग्रंथों में संरक्षित ज्ञान-संपदा के आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों के माध्यम से अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, भारतीय ज्ञान परंपरा की मौलिकता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक अकादमिक विमर्श में प्रतिष्ठित करने का आह्वान किया।
परंपरागत स्थापत्य ज्ञान और आधुनिक वास्तु नियोजन का समन्वय आवश्यक : प्रो. पी. एस. एन. राव
मुख्य अतिथि प्रो. पी. एस. एन. राव, डीन, योजना एवं वास्तुकला विद्यालय, नई दिल्ली ने भारतीय स्थापत्य परंपरा की वैज्ञानिकता और उसकी समकालीन उपयोगिता को महत्त्वपूर्ण बताया। उन्होंने पारंपरिक वास्तु सिद्धांतों, स्थानिक संरचना, पर्यावरणीय अनुकूलता तथा मानवीय आवश्यकताओं के बीच संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण में अंतर्विषयी अनुसंधान की महत्त्वपूर्ण भूमिका : प्रो. दुर्गेश त्रिपाठी
विशिष्ट अतिथि प्रो. दुर्गेश त्रिपाठी, संकाय प्रमुख, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली ने भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और अकादमिक पुनर्पाठ की आवश्यकता रेखांकित की। उन्होंने प्रतिमा विज्ञान को भारतीय दर्शन, इतिहास, कला और सामाजिक जीवन को समझने का महत्त्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विभिन्न ज्ञानानुशासनों के मध्य समन्वित अनुसंधान को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
संस्कृत वाङ्मय में संरक्षित है भारतीय प्रतिमा विज्ञान का समृद्ध शास्त्रीय ज्ञान : प्रो. वासुदेव शर्मा
सारस्वत अतिथि प्रो. वासुदेव शर्मा, पूर्व निदेशक, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जम्मू परिसर, कोट भलवाल ने भारतीय शास्त्रीय ग्रंथों में उपलब्ध प्रतिमा निर्माण, स्वरूप विधान, शिल्प परंपरा और आध्यात्मिक प्रतीकों से संबंधित ज्ञान-संपदा की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने संस्कृत वाङ्मय में संरक्षित प्राचीन ज्ञान के प्रामाणिक एवं शोधपरक अध्ययन पर बल दिया।
भारतीय शास्त्रीय ज्ञान परंपरा का अनुसंधानपरक अध्ययन आवश्यक : प्रो. देवीप्रसाद त्रिपाठी
विश्वविद्यालय के वेद-वेदांग पीठ प्रमुख प्रो. देवीप्रसाद त्रिपाठी ने भारतीय शास्त्रीय परंपरा और संस्कृत वाङ्मय की ज्ञानपरक महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने प्रतिमा विज्ञान के अध्ययन में वेद, आगम, शिल्पशास्त्र एवं अन्य पारंपरिक ग्रंथों के समन्वित अध्ययन की आवश्यकता बताई।
शोध एवं अकादमिक संवाद को व्यापक आयाम प्रदान कर रही है संगोष्ठी : प्रो. अशोक थपलियाल
संगोष्ठी के संयोजक एवं वास्तुशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक थपलियाल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य भारतीय प्रतिमा विज्ञान के शास्त्रीय सिद्धांतों, वास्तुशास्त्रीय स्वरूप, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा सामाजिक-सांस्कृतिक महत्त्व का बहुआयामी अध्ययन करना है। उन्होंने विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विद्वानों और शोधकर्ताओं की सहभागिता को आयोजन की विशेष उपलब्धि बताया।
विशेष सत्रों में प्रतिष्ठित विद्वानों की सहभागिता
संगोष्ठी के प्रथम विशेष सत्र में भारतीय विरासत संस्थान, नोएडा की आचार्य प्रो. अनूपा पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। द्वितीय विशेष सत्र में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के आचार्य प्रो. रामनाथ झा विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। दोनों सत्रों में भारतीय विरासत, प्रतिमा विज्ञान के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्त्व तथा संस्कृत वाङ्मय में उपलब्ध शास्त्रीय ज्ञान के अनुसंधानपरक अध्ययन से जुड़े विषयों पर विमर्श किया गया।
