मुर्मु ने दीं दीपावली की शुभकामनाएं

Murmu wished Diwali

 

नई दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बुधवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, समृद्ध और संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।श्रीमती मुर्मु ने दीपावली के शुभकामना संदेश में लोगों से प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का संकल्प लेने की भी अपील की है।उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व दीपावली वंचित और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और उनके साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है।

राष्ट्रपति ने कहा,“ दीपावली खुशी और उमंग का त्योहार है। यह अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का उत्सव है। यह त्योहार देश-विदेश में विभिन्न समुदायों और वर्गों द्वारा उल्लास से मनाया जाता है। यह पर्व एक उज्जवल भविष्य के लिए आशा का संचार करता है।”

उन्होंने कहा,“ दीपावली के पावन अवसर पर हमें अन्त:करण को आलोकित करने और प्रेम, करुणा तथा सामाजिक सद्भाव जैसी सद्प्रवृत्तियों को अपनाने का निश्चय करना चाहिए। यह पर्व वंचित और जरूरतमंदों की सहायता करने और उनके साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है।”श्रीमती मुर्मु ने भारतवासियों का आह्वान करते हुए कहा है,“आइए, हम अच्छाई में आस्था रखते हुए भारत की गौरवशाली संस्कृति पर गर्व करें और एक स्वस्थ, समृद्ध और संवेदनशील समाज के निर्माण तथा प्रदूषण-मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लें।”

 

 

You might also like