भारत का मार्केट कैप पहली बार पहुंचा 400 लाख करोड़ के पार : आईसीसीआई
India's market cap crosses Rs 400 lakh crore for the first time: ICCI

नई दिल्ली. सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 8 अप्रैल यानी सोमवार को बाजार में शानदार तेजी रही. इसी के साथ भारत का मार्केट-कैप पहली बार सोमवार को 400 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. भारत के बढ़ते मार्केट-कैप को देखते हुए इंटीग्रेटेड चैम्बर्स ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईसीसीआई) के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अनुपम चौकसे कहते हैं कि आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले नौ महीने में इसमें 100 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है. वहीं पुराने आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले साल 5 जुलाई को भारत का मार्केट कैप 300 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा था. जबकि वर्ष 2007 में भारत का मार्केट कैप 50 लाख करोड़ तक पहुंचा था जबकि 2014 में यह पहली बार 100 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा था. फरवरी 2021 में मार्केट कैप 200 लाख करोड़ रुपये का स्तर छुआ था. वाइस प्रेसिडेंट, आईसीसीआई कहते हैं कि पिछले एक साल में खासकर पीएसयू शेयरों में काफी तेजी देखने को मिली है. आपको बता दें पिछले 12 महीने में निफ्टी पीएसई और निफ्टी सीपीएसई में 100 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक करीब 95 फीसदी चढ़ा है. पिछले 9 महीनों में 100 लाख करोड़ रुपये का जो ये लाभ मिला है इस वृद्धि में आईपीओ, एफपीओ या इक्विटी फंडिंग, नई लिस्टिंग आदि का प्रभाव भी शामिल है, लेकिन अधिकांश लाभ शेयर की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण हुआ है. पिछले एक साल में, पीएसयू स्टॉक सबसे बड़े आउटपरफॉर्मर्स में से एक रहे हैं. निवेशक सरकार के कैपेक्स पुश और टर्नअराउंड स्टोरी पर भरोसा कर रहे हैं. निफ्टी पीएसई इंडेक्स और निफ्टी सीपीएसई दोनों 12 महीनों में दोगुने से अधिक हो गए हैं.
