भाजपा को 2027 में हराकर 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे: राजेंद्र पाल गौतम
Rahul Gandhi will be made Prime Minister in 2029 by defeating BJP in 2027: Rajendra Pal Gautam

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे सम्मान और बराबरी के साथ आगामी चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर उत्तर प्रदेश में संगठन को पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।
राजेंद्र पाल गौतम ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर दलितों और आदिवासियों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर के शिलान्यास के समय तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तथा उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित नहीं किया गया क्योंकि वे दलित और आदिवासी समुदाय से आते हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही भाजपा को चुनाव में चुनौती देने और हराने की क्षमता रखती है। उनका कहना था कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं हुईं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजित करेगी और 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायपालिका, चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और अन्य संस्थाएं निष्पक्ष तरीके से कार्य नहीं कर रही हैं।
उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की कार्रवाई गरीबों, पिछड़ों और मुस्लिम समुदाय के लोगों तक सीमित रहती है, जबकि भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे लोगों के खिलाफ समान कार्रवाई नहीं की जाती।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ और इस संबंध में शिकायतें दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के पदाधिकारी इन मुद्दों को उठाते हैं तो उन्हें नजरबंद कर दिया जाता है।
प्रेस वार्ता के दौरान राजेंद्र पाल गौतम ने कानून के शासन, संविधान की मर्यादा और लोकतांत्रिक संस्थाओं कीस्वतंत्रता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बराबरी और सम्मान के साथ चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, एक माह में बूथ स्तर तक होगा संगठन तैयार: राजेंद्र पाल गौतम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ पहुंचने के बाद प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस पार्टी समान भागीदारी और सम्मान के साथ आगे बढ़ेगी तथा एक माह के भीतर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता से पहले राजेंद्र पाल गौतम ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस बराबरी की हिस्सेदार है और सम्मानजनक भागीदारी के साथ आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों और संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उनका दावा था कि अगले एक महीने में बूथ स्तर तक संगठन खड़ा कर दिया जाएगा।
इस दौरान राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग, दलितों और आदिवासियों की उपेक्षा, बुलडोजर कार्रवाई तथा भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती से उतरेगी और भाजपा को चुनौती देगी।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।
