बीटेक की परीक्षा अब हिन्दी में भी होगी, एआईसीटीई की पहल स्वागत योग्यः सीईजीआर

B.Tech exams will now be conducted in Hindi as well, AICTE's initiative is welcome: CEGAR

नई दिल्ली. देश में इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है. सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों की परीक्षा में अब हिन्दी में भी सवाल पूछे जाएंगे. अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने इसका निर्देश बिहार इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय सहित सभी तकनीकी विश्वविद्यालयों को दिया है. इस सत्र से एमआईटी सहित सभी इंजीनियरिंग कॉलेज की सेमेस्टर परीक्षा में दो भाषाओं हिन्दी और अंग्रेजी में सवाल पूछे जाएंगे. एआईसीटीई ने इंजीनियरिंग विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि बीटेक और बीई के छात्रों के लिए सिर्फ अंग्रेजी में ही सवाल तैयार नहीं किये जाएं। सवाल अंग्रेजी के साथ एक भारतीय भाषा में भी तैयार किया जाए। स्नातक के साथ पीजी स्तर की भी परीक्षाओं में सभी सवाल दो भाषाओं में तैयार किये जाएंगे. इस पर सेंटर फॉर एजुकेशन ग्रोथ एंड रिसर्च (सीईजीआर) के डायरेक्टर रविश रोशन कहते है कि देश की शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी और सर्वसुलभ बनाए रखने के लिए की एआईसीटीई की यह पहल स्वागत योग्य है. एआईसीटीई भारतीय भाषाओं में तकनीकी शिक्षा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है. अंग्रेजी के अलावा एक और भारतीय भाषाओं में सवाल पूछे जाने से ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को परीक्षा में अंग्रेजी के बोझ से राहत मिलेगी. इंजीनियरिंग कॉलेजों में लंबे समय से हिंदी में पढ़ाई करने बात चल रही थी. डायरेक्टर, सीईजीआर आगे कहते है कि इस पहल से अब छात्र-छात्राओं को पहले से बेहतर अंक आएंगे. हिन्दी में सवाल आने से विद्यार्थी हिन्दी में उत्तर भी लिख सकेंगे. इससे जो छात्र अंग्रेजी में सवाल होने के कारण उत्तर सही से नहीं लिख पाते थे, वह अब पूरी तरह से सवालों का जवाब दे सकेंगे. इस पहल से निश्चित रूप से ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा, साथ ही शिक्षक से भी वह हिन्दी में सवाल पूछ और समझ सकेंगे.

You might also like