संविधान ने सबको दिया वोट का अधिकार, जरूर करें इसका इस्तेमाल: प्रो. योगेश सिंह

The Constitution has given everyone the right to vote, they must use it: Prof. Yogesh Singh

75 वर्षों में संसार का सबसे बड़ा और प्रभावी लोकतंत्र साबित हुआ है भारत: कुलपति

नई दिल्ली, 26 जनवरी।

76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि भारतीय संविधान ने हम सबको वोट का अधिकार दिया। हमें इसे जरूर इस्तेमाल करना चाहिए। कुलपति ने सभी से वोट का आह्वान करते हुए कहा कि आज संकल्प लें कि हम जीवन में सदा वोट जरूर करेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र के 75 वर्षों में बहुत कुछ हुआ है। भारत संसार का सबसे बड़ा और प्रभावी लोकतंत्र साबित हुआ है।

कुलपति ने भारतीय संविधान के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत के जन-जन और मन-मन में लोकतंत्र है, इसलिए आज तक कभी यहाँ सत्ता हस्तांतरण में संघर्ष नहीं हुआ। हमें अपने लोकतंत्र की ताकत पर गर्व है। कुलपति ने 76वें गणतंत्र दिवस के थीम “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास” की विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि विरासत विकास की अवधारणा का आधार होती है। प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि देश को मजबूत करने के लिए राष्ट्रहित पर बात होनी चाहिए, स्वहित पर नहीं। ‘मेरा सब कुछ राष्ट्र का है’ ऐसी भावना का विकास विश्वविद्यालयों में होना चाहिए।

कुलपति ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ देश के लोगों को स्वाभिमान से जीने की गारंटी देता है। आज का दिन संविधान के प्रति, संविधान बनाने वालों के प्रति और भारत की समझ रखने वालों के लिए कृतज्ञता का भाव प्रकट करने का दिन है। यह दिन उन लोगों को याद करने का दिन है जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर देश को आजाद करवाया था। इसके साथ ही उन्होंने सभी देशवासियों को 76वें गणतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। समारोह के आरंभ में एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी और दक्षिणी परिसर के निदेशक प्रो. श्री प्रकाश सिंह सहित अनेकों प्रिंसिपल, डीन, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like