बीजद सांसद सुजीत कुमार भाजपा में शामिल

BJD MP Sujeet Kumar joins BJP

 

नई दिल्ली, बीजू जनता दल (बीजद)के राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान,ओडिशा के प्रभारी विजय पाल तोमर, वरिष्ठ सांसद भर्तृहरि महताब, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की उपस्थिति में श्री सुजीत कुमार ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

ओडिशा के कालाहांडी के रहने वाले श्री सुजीत कुमार ने इससे पहले राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। राजनीति में आने से पहले वह अमेरिका के हाॅर्वर्ड विश्वविद्यालय में अध्ययन करने के पश्चात संयुक्त राष्ट्र संघ समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में कार्य कर चुके हैं।श्री प्रधान ने श्री सुजीत कुमार का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा,“ श्री सुजीत कुमार कर्मठ, संवेनशील एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, नीति, आदर्श एवं योजनाओं से प्रभावित होकर श्री सुजीत कुमार भाजपा में शामिल हुए हैं। प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टी में रहने के बावजूद श्री सुजीत कुमार हमेशा प्रधानमंत्री के जनकल्याण एवं विकास कार्यों की प्रशंसा करते रहे हैं। उन्होंने ओडिशा के विकास एवं जनकल्याण कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किया। प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” की संकल्पना को पूरा करने में श्री सुजीत कुमार अपना योगदान देंगे।”भाजपा में शामिल होने के बाद श्री सुजीत कुमार ने कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और 2036 तक विकसित ओडिशा के लक्ष्य और विजन ने हमेशा उन्हें प्रभावित किया है। वह वर्ष 2020 में बीजद से राज्यसभा सांसद बने थे। उन्होंने श्री मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, श्री प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री सिंह और श्री विजय पाल तोमर के प्रति आभार प्रकट किया।

 

 

You might also like