सीईएस-2024-25 के लिए प्रवेश हेतु दिल्ली विश्वविद्यालय ने आमंत्रित किए आवेदन  

Delhi University invites applications for admission to CES-2024-25

दिल्ली03 जून।

दिल्ली विश्वविद्यालय ने योग्यता संवर्धन योजना (सीईएस) के लिए शैक्षणिक सत्र जुलाई-दिसंबर 2024 के सेमेस्टर 1, 3 और 5 में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार इस योजना के तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं कॉलेजों द्वारा पेश किए जाने वाले पेपरों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ लोंग लर्निंग के निदेशक प्रो. संजय रॉय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि एनईपी 2020 के अनुसार सीईएस में किसी भी आयु के शिक्षार्थियों को दिल्ली विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों द्वारा प्रस्तुत मौजूदा पाठ्यक्रमों के नियमित विद्यार्थियों के साथ नामांकित होने और अध्ययन करने का अवसर प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य उन लोगों के शैक्षिक सपनों को पूरा करना है जिन्हें किन्हीं कारणों से पहले ये अवसर नहीं मिल पाया। इसके तहत वे लोग नवीनतम तकनीक, ज्ञान और नवाचार का उपयोग करके अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक कौशल को उन्नत कर सकते हैं।

प्रो. रॉय ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जो किसी विभाग या कॉलेज के निर्दिष्ट मौजूदा पेपर के लिए न्यूनतम पात्रता मानदंड और पूर्व-आवश्यकताएँ, यदि कोई हों, को पूरा करता है, वह इसके लिए पंजीकरण कर सकता है। किसी भी पेपर के लिए प्रवेश हेतु चयन संबंधित विभागों और कॉलेजों में सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कोर्स में सीईएस के तहत सीटों को अतिरिक्त माना जाएगा। विभागों और कॉलेजों द्वारा पेश किए जाने वाले उपलब्ध पेपरों की सूची, पात्रता मानदंड, पंजीकरण और शुल्क संरचना आदि के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक विश्वविद्यालय के पोर्टल (www.admission.uod.du.ac.in) के साथ-साथ विश्वविद्यालय के नोडल समन्वय संस्थान, इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफलॉन्ग लर्निंग (ILLL) की वेबसाइट www.illl.du.ac.in पर सीईएस ई-ब्रोशर देख सकते हैं।

प्रो. संजय रॉय ने बताया कि सीईएस 2024-25 के तहत विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों में अध्ययन करने के लिए, संभावित उम्मीदवार लिंक (https://ces.du.ac.in/index.php/site/login) के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। अन्य प्रश्नों और स्पष्टीकरणों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ लोंग लर्निंग को ces@illl.du.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं।

You might also like