देश में बढ़ रहे हैं रोजगार के अवसर: आईसीसीआई

Employment opportunities are increasing in the country: ICCI

नेशनल पेंशन स्कीम से अप्रैल में जुड़े 1.1 लाख नए ग्राहक


नई दिल्ली. रोजगार के मोर्चे पर एक अच्छी- खबर आई है. नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) में अप्रैल 2024 में कुल 110,655 नए ग्राहक जुड़े. इनमें से दो-तिहाई से अधिक, यानी 79,876 ग्राहक राज्य सरकार के कर्मचारी थे. यह जानकारी राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों से मिली है. नए आंकड़ों में केंद्र सरकार से 20,000 और कॉर्पोरेट सेक्टर से केवल 10,250 नए ग्राहक जुड़े. डेटा के अनुसार 43.8 प्रतिशत (48,530) नए ग्राहक 18 से 28 वर्ष की आयु वर्ग के थे, जिन्हें पहली बार नई नौकरी मिली है. इस पर इंटीग्रेटेड चैम्बर्स ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईसीसीआई) के डायरेक्टर नीरज कुमार मिश्रा कहते है कि यह आंकड़ा रोजगार बाजार की मजबूती को दर्शाता है और इससे पता चलता है कि देश में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.
आदर्श आचार संहिता लगने के कारण राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से मंगलवार को तीन महीने बाद डेटा जारी किया गया. नए डेटा के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में कुल 937,000 ग्राहक एनपीएस में शामिल हुए, जो पिछले वित्त वर्ष के 824,700 ग्राहकों की तुलना में 13.6 फीसदी अधिक है. गौरतलब है कि इस योजना का कॉर्पोरेट हिस्सा स्वैच्छिक है, जिसमें सार्वजनिक और प्राइवेट सेक्टर के संगठनों के कर्मचारी शामिल हैं. केंद्र सरकार ने अपने सभी नए कर्मचारियों के लिए एनपीएस को अनिवार्य कर दिया है, जिससे इसे केंद्र स्तर पर नई भर्तियों के लिए एक अनुमान के रूप में उपयोग किया जा सकता है. हालांकि, कुछ राज्यों जैसे राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और पंजाब ने पुरानी पेंशन योजना में वापसी की घोषणा की है, जिससे एनपीएस को राज्य स्तर पर नियुक्तियों के मापदंड के रूप में सटीक नहीं माना जा सकता. पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा प्रबंधित एनपीएस, परिभाषित अंशदान के आधार पर डिज़ाइन किया गया है, जिसमें सदस्य और नियोक्ता दोनों ही खाते में समान राशि का योगदान करते हैं. इसे 1 जनवरी, 2004 से सशस्त्र बलों को छोड़कर सभी नए केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए अनिवार्य किया गया था.

You might also like