प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार

Every BJP worker is ready for elections

पिहोवा 26 जुलाई पूर्व राज्य मंत्री एवं विधायक सरदार संदीप सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। 2019 की तरह इस बार भी ये सीट जीतकर पार्टी की झोली में डाली जाएगी। पूर्व राज्य मंत्री संदीप सिंह टिकरी निवास स्थान कार्यालय में सरपंचों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं हल्के से पहुंचे लोगों की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ की समीक्षा करें कि किस जगह लोकसभा चुनाव में पार्टी कमजोर स्थिति में रही। लोगों से संपर्क करके उन्हें अपने साथ जोड़ने का कार्य किया जाए ताकि इन बूथों पर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की जा सके। विधायक संदीप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। आचार संहिता खत्म होने के बाद करोड़ों रुपए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी विधानसभाओं के लिए जारी किया है। उन्होंने सरपंचों से कहा कि अपने-अपने गांव में होने वाले कार्यों की सूची उनके कार्यालय में दें ताकि विकास के लिए ग्रांट राशि जारी करवाई जा सके।
विधायक संदीप सिंह ने कहा कि उनका प्रयास यह रहेगा कि जिन गांवों में अभी तक बहुत कम राशि पहुंची है। उन्हें प्राथमिकता दी जाए ताकि यहां के लोग भी समान विकास धारा में जुड़ सके। उन्होंने सरपंचों को बताया कि अधिकतर गांवों में खेत खलिहान योजना के तहत पक्के रास्ते बनवाने का काम शुरू हो चुका है। शेष गांवों में भी योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर सरपंचों ने पूरी एक जुटता से पूर्व मंत्री संदीप सिंह को सहयोग का आश्वासन दिया।

You might also like