सुहाग की लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, चांद देखकर खोला करवा चौथ का उपवास

Fast kept for Suhag's long life, open the fast of Chauth by seeing the moon

 

रेखा रानी | जींद

जींद में महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। सुहागिनों ने अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं में त्योहार को लेकर उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा की तैयारियां कीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार करवा चौथ की कथा सुनी।

त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। महिलाओं ने पूजा के लिए करवा, छलनी, मिठाइयां, फल और अन्य पूजन सामग्री खरीदी। मेहंदी लगवाने के साथ महिलाओं ने हाथों में चूड़ियां पहनकर पर्व की खुशियां मनाईं। शाम को महिलाओं ने विधि-विधान से करवा माता और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

रात को चांद निकलने का महिलाओं को बेसब्री से इंतजार रहा। चंद्रमा के दर्शन कर महिलाओं ने छलनी से चांद और अपने पति का चेहरा देखा। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के हाथों से जल ग्रहण किया और व्रत खोला। करवा चौथ के पर्व ने दांपत्य जीवन में प्रेम, विश्वास और समर्पण की भावना को और मजबूत किया।

You might also like